आवारा गौवंश की समस्या के समाधान को लेकर नपा की बड़ी पहल, तीन माह के लिए मंडी शेड में होगा संरक्षण
डोर-टू-डोर चारा संग्रह अभियान चलेगा, सब्जी मंडी के अपशिष्ट से होगा पशुओं का भरण-पोषण, टैगिंग कर होगी प्रभावी निगरानी
महासमुंद। शहर की सड़कों पर घूम रहे आवारा गौवंश के कारण बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और आम नागरिकों को हो रही असुविधा के स्थायी समाधान के लिए नगर पालिका परिषद ने ठोस पहल शुरू कर दी है। इसी कड़ी में गुरुवार को नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण अनौपचारिक बैठक आयोजित की गई, जिसमें जनप्रतिनिधियों, गौसेवक संस्थाओं, सामाजिक संगठनों, पशुपालन विभाग तथा नगर पालिका के अधिकारियों ने भाग लेकर मानवीय एवं व्यवस्थित गौसंरक्षण की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि नगर में चलाए जाने वाले विशेष अभियान के दौरान पकड़े जाने वाले आवारा गौवंश को कृषि उपज मंडी परिसर स्थित शेड में तीन माह तक अस्थायी रूप से रखा जाएगा। इसके लिए जिला कलेक्टर से अनुमति प्राप्त करने एवं आवश्यक पत्राचार की जिम्मेदारी नगर पालिका परिषद निभाएगी।
डोर-टू-डोर चारा संग्रह अभियान चलेगा
गौवंश के समुचित भरण-पोषण के लिए नगर पालिका द्वारा डोर-टू-डोर चारा संग्रह अभियान चलाया जाएगा। नगरवासियों, किसानों, सामाजिक संस्थाओं एवं गौसेवकों से पैरा, भूसा और अन्य पशु आहार दान करने की अपील की गई है। साथ ही शहर की सब्जी मंडी से प्रतिदिन निकलने वाले उपयोगी सब्जी अपशिष्ट को एकत्रित कर गौवंश के चारे के रूप में उपयोग किया जाएगा। इससे एक ओर शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूती मिलेगी तो दूसरी ओर पशुओं को नियमित एवं पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया जा सकेगा।
टैगिंग से होगी पहचान और निगरानी
बैठक में निर्णय लिया गया कि अभियान के दौरान पकड़े जाने वाले आवारा गौवंश के कानों में विशिष्ट रंग के टैग लगाए जाएंगे, ताकि उनकी पहचान और निगरानी आसानी से की जा सके। भविष्य में नगर क्षेत्र के सभी पालतू मवेशियों की टैगिंग सुनिश्चित करने के लिए पशुपालन विभाग के सहयोग से विशेष अभियान भी संचालित किया जाएगा।
जनसहयोग से बनेगा अभियान सफल
बैठक में मौजूद गौवंश संरक्षण संस्थाओं और सामाजिक संगठनों ने नगर पालिका के इस अभियान में पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया। नगर पालिका परिषद ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने पालतू पशुओं को सड़कों पर खुला न छोड़ें तथा गौसंरक्षण के इस जनहित अभियान में चारा, पैरा एवं अन्य आवश्यक सामग्री का दान कर सहभागी बनें।
नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने कहा कि प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, गौसेवकों और आम नागरिकों के संयुक्त प्रयास से आवारा गौवंश की समस्या का मानवीय और स्थायी समाधान संभव होगा। उन्होंने इसे शहर की यातायात व्यवस्था, जनसुरक्षा और गौसंरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
बैठक में पशु चिकित्सा सेवाओं की उप संचालक श्रीमती अंजना नायडू, मुख्य नगर पालिका अधिकारी सौरभ शर्मा, डॉ. खुशबू चन्द्रकार, डॉ. आर.जी. यादव, गौसेवक रितेश कुमार गौलछा, बद्रीनारायण महेश्वरी, सीताराम सोनी, आचार्य सुरेश कुमार, संजय भोई, प्रभारी सदस्य जय कुमार देवांगन, गुलशन कुमार साहू, जितेंद्र देवनारायण ध्रुव, ज्योति रिंकू चन्द्रकार, पार्षद राहुल आवडे, श्रीमती सीता टोडेकर, मुस्ताक खान (विक्की), श्रीमती कल्पना सूर्यवंशी, हरबंश सिंह ढिल्लों (नानूभाई), धनेश विक्की चन्द्रकार, नीरज चन्द्रकार, चन्द्रशेखर बेलदार, भाऊ राम साहू, पीयूष अमृत साहू, सुश्री धनेश्वरी सोनाधर सोनवानी, सांसद प्रतिनिधि महेन्द्र जैन, विधायक प्रतिनिधि हफीज कुरैशी, एल्डरमेन श्रीमती मधु यादव, लाल विजय प्रताप सिंह सहित नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
