पेपर लीक और छात्र उत्पीड़न के विरोध में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, फूंका प्रधानमंत्री का पुतला

खल्लारी विधायक द्वारकाधीश यादव के नेतृत्व में नेहरू चौक पर प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
छात्रों पर लाठीचार्ज और राहुल गांधी की हिरासत का किया विरोध
महासमुंद। देशभर में कथित पेपर लीक की घटनाओं, परीक्षाओं में अनियमितताओं तथा छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में गुरुवार को महासमुंद जिला कांग्रेस कमेटी ने जोरदार प्रदर्शन किया। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आयोजित इस आंदोलन का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं खल्लारी विधायक द्वारकाधीश यादव ने किया। नेहरू चौक पर एकत्रित हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग उठाई।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए विधायक द्वारकाधीश यादव ने केंद्र सरकार पर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों और शिक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं से लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उनका कहना था कि प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता पर सवाल खड़े होने से युवाओं का विश्वास कमजोर हुआ है।
उन्होंने छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज की निंदा करते हुए कहा कि अपने अधिकारों के लिए शांतिपूर्ण ढंग से आवाज उठाने वाले छात्र-छात्राओं के साथ कठोर व्यवहार किया गया। साथ ही आरोप लगाया कि विरोध कर रहे छात्रों को हिंसक बताकर सरकार वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं के अधिकारों की लड़ाई आगे भी मजबूती से लड़ती रहेगी।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने की घटना का भी विरोध जताया। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि युवाओं और छात्रों के मुद्दों को उठाने वाली आवाजों को दबाने के लिए सरकारी तंत्र का दुरुपयोग किया जा रहा है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री से जवाबदेही तय की जानी चाहिए और युवाओं को न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा।
नेहरू चौक पर हुए प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे। पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान “युवाओं से विश्वासघात बंद करो”, “धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो” सहित विभिन्न नारे लगाए गए।