तेज रफ्तार ऑटो पलटा, यात्री का हाथ काटना पड़ा
साढ़े तीन महीने बाद चालक के खिलाफ मामला दर्ज
महासमुंद। बागबाहरा सब्जी मंडी के पास ऑटो पलटने से गंभीर रूप से घायल हुए एक यात्री का इलाज के दौरान हाथ काटना पड़ा। घटना के लगभग साढ़े तीन महीने बाद पुलिस ने ऑटो चालक के विरुद्ध मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार भिलाई निवासी सुधीर कुमार (46) 1 अप्रैल 2026 को खल्लारी मेले से अपने साथी सूरज गुप्ता एवं प्रभंश केशरी के साथ ऑटो क्रमांक सीजी 04 एनसी 4838 से बागबाहरा लौट रहे थे। सब्जी मंडी के पास चालक प्रभंश केशरी ने वाहन को तेज एवं लापरवाहीपूर्वक चलाया, जिससे ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में सुधीर कुमार ऑटो के नीचे दब गए और उनका बायां हाथ बुरी तरह कुचल गया।
घायल को इलाज के लिए नेहरू नगर भिलाई स्थित सूरज अस्पताल ले जाया गया, जहां गंभीर संक्रमण के कारण डॉक्टरों को कोहनी के ऊपर से हाथ काटना पड़ा। मामले की रिपोर्ट पर बागबाहरा पुलिस ने आरोपी चालक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281, 125(ए) एवं 125(बी) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
