हरियर महासमुंद अभियान, शहर में लगेंगे 5 हजार पौधे, हर पार्षद लगाएगा कम से कम 100 पौधे

नगर पालिका की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय, खाली भूमि, सार्वजनिक स्थलों और सड़क किनारों पर होगा व्यापक पौधरोपण
महासमुंद। नगर को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद ने ‘हरियर महासमुंद’ अभियान के तहत पूरे शहर में 5 हजार पौधे लगाने का संकल्प लिया है। इस संबंध में शुक्रवार को नगर पालिका कार्यालय में अध्यक्ष निखिलकांत साहू की अध्यक्षता में सभापति एवं सभी पार्षदों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें पर्यावरण संरक्षण, जनस्वास्थ्य और स्वच्छ वातावरण को प्राथमिकता देते हुए व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।
बैठक में तय किया गया कि नगर के सभी वार्डों में पौधरोपण किया जाएगा। प्रत्येक पार्षद अपने-अपने वार्ड में कम से कम 100 पौधे लगाएंगे तथा उनकी नियमित देखरेख की जिम्मेदारी भी निभाएंगे। इसके अलावा नगर की खाली भूमि, सार्वजनिक स्थलों, सामुदायिक भवनों के आसपास और सड़क किनारों पर भी बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया जाएगा, ताकि पूरे शहर में हरियाली का समान रूप से विस्तार हो सके।
नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और लगातार बढ़ रहे तापमान को देखते हुए हरियाली बढ़ाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य के लिए वृक्षारोपण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामाजिक दायित्व है। उन्होंने बताया कि अभियान के लिए आवश्यकतानुसार सभी पार्षदों को पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे। स्थानीय जलवायु के अनुकूल एवं पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने वाली प्रजातियों का चयन किया जाएगा, जिससे शहर में छायादार और दीर्घकालीन हरित क्षेत्र विकसित हो सकें।
श्री साहू ने नागरिकों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और विद्यालयों से भी अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि महासमुंद को हराभरा बनाने का सपना तभी साकार होगा, जब हर व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाए। उन्होंने विश्वास जताया कि यह अभियान महासमुंद को पर्यावरण मित्र शहर के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
बैठक में सभापति जयकुमार देवांगन, ज्योति रिंकू चंद्राकर, जितेंद्र देवनारायण ध्रुव, पार्षद शुभ्रा मनीष शर्मा, भारती चंद्राकर, कल्पना सूर्यवंशी, धनेश्वरी सोनवानी, माधुरी धनीराम यदु, चंद्रशेखर बेलदार, धनेन्द्र विक्की चंद्राकर, राहुल आवड़े, बड़े मुन्ना देवार सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।