रथयात्रा महोत्सव में विधायक ने की भगवान जगन्नाथ की पूजा-अर्चना
धर्मपत्नी प्रिया सिन्हा के साथ राम मंदिर पहुंचे विधायक, प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि और शांति की कामना की
महासमुंद। पावन रथयात्रा महोत्सव के अवसर पर विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने अपनी धर्मपत्नी प्रिया सिन्हा के साथ स्थानीय राम मंदिर पहुंचकर भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं देवी सुभद्रा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान से क्षेत्र एवं प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति और उत्तम स्वास्थ्य की मंगलकामना की।
इस अवसर पर विधायक श्री सिन्हा ने कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ की रथयात्रा भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा, आस्था और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। यह पावन पर्व समाज में प्रेम, सद्भाव, सेवा, भाईचारे और मानवता की भावना को मजबूत करने का संदेश देता है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों को रथयात्रा महोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
पूजा-अर्चना के पश्चात विधायक ने मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं से आत्मीय भेंट कर उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज को एक सूत्र में बांधने का कार्य करते हैं और आपसी सौहार्द एवं भाईचारे को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष महेंद्र सिका, नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, भाजपा नेता अरविंद प्रहरे, राजेंद्र चंद्राकर, दिनेश रूपरेला, शरद मराठा, अभिषेक पांडे सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
