मां खल्लारी के दरबार में गूंजा भक्ति का स्वर, नवकन्याओं का पूजन कर लिया आशीर्वाद
सोरीद में आयोजित नवकन्या भोज एवं भंडारे में शामिल हुए भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अशवंत तुषार साहू
महासमुंद। ग्राम सोरीद स्थित ईश्वरी पोखन यादव के घर में विराजित मां खल्लारी मंदिर में नवकन्या भोज एवं भंडारा कार्यक्रम श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अशवंत तुषार साहू शामिल हुए। उन्होंने मां खल्लारी के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा नवकन्याओं का पूजन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
धार्मिक वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। ईश्वरी पोखन यादव एवं दानदाताओं के तत्वावधान में आयोजित नवकन्या भोज और भंडारे के माध्यम से श्रद्धालुओं ने सेवा, समर्पण और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया।
इस अवसर पर अशवंत तुषार साहू ने कहा कि मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की आराधना सनातन संस्कृति और आस्था का अभिन्न हिस्सा है। कन्या पूजन भारतीय परंपरा में नारी शक्ति के सम्मान और श्रद्धा का प्रतीक माना जाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सेवा की भावना को मजबूत करने के साथ लोगों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में अशवंत तुषार साहू ने मां खल्लारी से क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की।
