मां दुर्गा के दरबार में पहुंचे विधायक सिन्हा, सुख-शांति और समृद्धि की कामना

नयापारा के दुर्गा पंडालों में की पूजा-अर्चना, बोले- शक्ति की आराधना का पर्व देता है सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने का संदेश
महासमुंद। शारदीय नवरात्रि के अष्टमी पर्व पर महासमुंद शहर आस्था और भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। इसी बीच विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा रविवार को शहर के नयापारा क्षेत्र में स्थापित मां दुर्गा के विभिन्न पंडालों में पहुंचे और माता रानी के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने मां दुर्गा के समक्ष शीश नवाकर क्षेत्रवासियों सहित समस्त प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
विधायक सिन्हा ने कहा कि नवरात्रि केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और शक्ति की उपासना का महापर्व है। नौ दिनों तक मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की आराधना श्रद्धालुओं में सकारात्मक ऊर्जा, सद्भाव, समरसता और सेवा की भावना को मजबूत करती है। उन्होंने कहा कि मां दुर्गा हमें साहस, धैर्य, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं।
बुराइयों का त्याग कर अच्छाइयों को अपनाने का संदेश
विधायक ने कहा कि नवरात्रि का पर्व समाज में प्रेम, भाईचारे और आपसी सद्भाव को मजबूत करने का संदेश देता है। यह पर्व हमें बुराइयों का त्याग कर अच्छाइयों को अपनाने तथा धर्म और सत्य के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कामना की कि माता रानी की कृपा सभी पर बनी रहे और छत्तीसगढ़ निरंतर विकास एवं प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहे।
शहर के पंडालों में उमड़ रहे श्रद्धालु
नवरात्रि के चलते महासमुंद शहर के विभिन्न इलाकों में मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। सुबह से देर रात तक पंडालों और देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ पहुंच रही है। भक्त माता रानी के दर्शन कर पूजा-अर्चना कर रहे हैं और परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं आरोग्य की कामना कर रहे हैं।
विधायक सिन्हा नवरात्रि के दौरान महासमुंद विधानसभा क्षेत्र के शहर एवं ग्रामीण इलाकों में स्थित विभिन्न दुर्गा पंडालों और देवी मंदिरों में पहुंचकर दर्शन-पूजन कर रहे हैं। इसी क्रम में अष्टमी के अवसर पर वे नयापारा क्षेत्र पहुंचे।
इस दौरान नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, एल्डरमैन हनीश बग्गा, पार्षद माखन पटेल, सुनीता साहू, भगवती करकसे, मैना कोसले, रामेश्वर पटवा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

इन्हें भी पढ़े