तमोरा स्कूल में 23 छात्राओं को मिली निःशुल्क सरस्वती साइकिल

जनप्रतिनिधियों व शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों ने छात्राओं को दी शुभकामनाएं
महासमुंद। शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल तमोरा में छत्तीसगढ़ शासन की सरस्वती साइकिल वितरण योजना के तहत कक्षा 9वीं में नवप्रवेशी 23 छात्राओं को निःशुल्क साइकिल वितरित की गई। कार्यक्रम का आयोजन 27 अगस्त को विद्यालय परिसर में किया गया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत तमोरा के सरपंच एवं जनप्रतिनिधियों सहित शाला प्रबंधन समिति के सदस्य उपस्थित रहे। अतिथियों ने छात्राओं को साइकिल प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि साइकिल मिलने से छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी तथा शिक्षा के प्रति उनका उत्साह भी बढ़ेगा।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि योजना का उद्देश्य विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राओं को नियमित रूप से स्कूल आने के लिए प्रोत्साहित करना और उनकी शिक्षा में आने वाली आवागमन संबंधी बाधाओं को दूर करना है।