राष्ट्रीय खेल दिवस पर ‘खेलो इंडिया संवाद’ का आयोजन

कलेक्टर लहंगे ने युवाओं को खेलों के साथ रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए किया प्रेरित
महासमुंद। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन महासमुंद एवं माय भारत युवा कार्यक्रम के तत्वावधान में बसना स्थित स्व. जयदेव सतपथी महाविद्यालय में ‘खेलो इंडिया संवाद—खेल की बात पीएम मोदी के साथ’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं विद्यार्थियों को खेलों के प्रति जागरूक करने के साथ खेलों के माध्यम से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, स्वास्थ्य, कौशल विकास और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कलेक्टर विनय कुमार लहंगे उपस्थित रहे। उनके साथ बसना एसडीएम हरिशंकर पैकरा, तहसीलदार नितिन ठाकुर, महाविद्यालय प्राचार्य सुरेंद्र साव, सांसद प्रतिनिधि नवीन साव, विधायक प्रतिनिधि महित पटेल, प्रोफेसर विजय एवं माय भारत प्रभारी अभिषेक दास सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
प्रधानमंत्री के संवाद का हुआ सीधा प्रसारण
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के युवाओं के साथ ‘खेलो इंडिया संवाद’ का सीधा प्रसारण किया गया। संवाद के माध्यम से युवाओं को खेल, युवा शक्ति, अनुशासन, स्वास्थ्य, नेतृत्व, कौशल विकास एवं राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर मार्गदर्शन और प्रेरणा मिली।
प्रसारण के बाद कलेक्टर लहंगे ने विद्यार्थियों से खेलों के महत्व एवं संवाद में सामने आए विषयों पर चर्चा की। उन्होंने युवाओं को खेलों के साथ विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रोत्साहित किया।
क्विज प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
कार्यक्रम में खेलो इंडिया क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों से ऑनलाइन स्कैनर के माध्यम से उनके विचार एवं सुझाव भी प्राप्त किए गए। वहीं युवाओं को माय भारत से जोड़ने के उद्देश्य से माय भारत पोर्टल पर नए वालंटियर्स का पंजीयन भी कराया गया।
कार्यक्रम का आयोजन युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में जिला प्रशासन महासमुंद एवं माय भारत युवा कार्यक्रम द्वारा किया गया।