नयापारा मुक्तिधाम के विकास को मिली 24.70 लाख की मंजूरी

बारिश और धूप में खुले में अंतिम संस्कार की परेशानी होगी दूर, जल्द शुरू होगी टेंडर प्रक्रिया
महासमुंद। नगर पालिका परिषद महासमुंद के वार्ड-11 स्थित नयापारा दलदली रोड के मुक्तिधाम के सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्य के लिए 24.70 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। राशि स्वीकृत होने के बाद निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने के लिए टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है।
नगर पालिका अध्यक्ष निखिल मनोजकांत साहू ने बताया कि नयापारा मुक्तिधाम में लंबे समय से आवश्यक सुविधाओं का अभाव था। विशेष रूप से शेड नहीं होने के कारण बारिश और तेज धूप के दौरान शोकाकुल परिवारों को खुले में अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी करनी पड़ती थी। इससे अंतिम संस्कार में शामिल होने वाले परिजनों को काफी परेशानी होती थी।
उन्होंने बताया कि नागरिकों की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए मुक्तिधाम के सौंदर्यीकरण और मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए लगातार प्रयास किए गए। अब स्वीकृत राशि से मुक्तिधाम में आवश्यक सुविधाएं विकसित कर इसे व्यवस्थित और गरिमापूर्ण स्वरूप दिया जाएगा।
पीडब्ल्यूडी विभाग की बैठक में कार्यों की समीक्षा
मुक्तिधाम विकास कार्य को लेकर नगर पालिका परिषद के लोक निर्माण विभाग की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रस्तावित निर्माण एवं विकास कार्यों की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान नपाध्यक्ष निखिलकांत साहू, मुख्य नगर पालिका अधिकारी सौरभ शर्मा, मुख्य अभियंता एस.डी. शर्मा, उप अभियंता हेमंत पिसदा और प्रभारी नरेश ध्रुव उपस्थित रहे।
नपाध्यक्ष साहू ने कहा कि नगर पालिका द्वारा शहर के सभी वार्डों में नागरिकों की जरूरत के अनुरूप बुनियादी सुविधाओं के विकास पर लगातार काम किया जा रहा है। नयापारा मुक्तिधाम का विकास भी प्राथमिकता के साथ कराया जाएगा, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर और सम्मानजनक सुविधाएं मिल सकें।