पुलिस ने ध्वस्त किया अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क, मास्टरमाइंड सतना से गिरफ्तार

215 किलो गांजा, पांच बाइक और अन्य सामग्री सहित 1.11 करोड़ की संपत्ति जब्त, पत्नी के बैंक खाते से करता था अवैध लेन-देन, अब तक छह तस्कर गिरफ्तार
महासमुंद। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बसना पुलिस ने 215 किलोग्राम गांजा तस्करी मामले में अंतरराज्यीय गिरोह के मास्टरमाइंड एवं पायलट अशोक सिंह (27) को मध्यप्रदेश के सतना से गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी अपनी पत्नी के बैंक खाते का उपयोग गांजा तस्करों को एडवांस भुगतान और अन्य वित्तीय लेन-देन के लिए करता था। इस कार्रवाई के साथ मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर छह हो गई है।
पुलिस के अनुसार थाना बसना में दर्ज धारा 20(ख)(ii)(सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत यह कार्रवाई की गई है। मामले में अब तक 215 किलो गांजा, पांच मोटरसाइकिल, पांच मोबाइल फोन तथा अन्य सामग्री सहित कुल 1 करोड़ 11 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की जा चुकी है।
फेरीवालों का भेष बनाकर कर रहे थे करोड़ों की तस्करी
पुलिस के अनुसार 10 मई 2026 को मुखबिर की सूचना पर पदमपुर (ओडिशा) से बसना की ओर आ रही पांच मोटरसाइकिलों की घेराबंदी कर पांच तस्करों को गिरफ्तार किया गया था। तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए बेहद शातिर तरीका अपनाया था। उन्होंने मोटरसाइकिलों की पिछली सीट पर विशेष लोहे का कम्पार्टमेंट (जाला) बनवाया था, जिसमें गांजा छिपाया गया था। इसके ऊपर कपड़ों का ढेर बांधकर स्वयं को फेरीवाला (स्ट्रीट वेंडर) बताकर तस्करी की जा रही थी। पुलिस ने मौके से 215 किलो गांजा बरामद किया था, जिसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 7 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई थी।
तकनीकी और वित्तीय जांच से खुला मास्टरमाइंड का राज
गिरफ्तार आरोपियों के मेमोरेंडम, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), मोबाइल डेटा तथा बैंक लेन-देन की गहन जांच के दौरान पुलिस को गिरोह के मास्टरमाइंड अशोक सिंह के बारे में अहम सुराग मिले। जांच में सामने आया कि अशोक सिंह मुख्य सप्लायर किशन के साथ मिलकर पूरी खेप की पायलटिंग कर रहा था। साथ ही ओडिशा के बालिगुड़ा स्थित गांजा तस्करों को एडवांस भुगतान और अन्य वित्तीय लेन-देन के लिए उसने अपनी पत्नी पूजा के बैंक खाते का इस्तेमाल किया।
सतना से दबोचा गया मास्टरमाइंड
तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर थाना बसना पुलिस की विशेष टीम मध्यप्रदेश रवाना हुई। 10 जुलाई 2026 को आरोपी अशोक सिंह को सतना के कोतवाली थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने सतना न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर उसे बसना लाया है, जहां विधिक कार्रवाई के बाद न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
अब तक छह आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में पूर्व में गिरफ्तार पांच आरोपी मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश के विभिन्न जिलों के निवासी हैं। इनमें मेताप टाटिया (खंडवा), रमेश चौहान (बैतूल), राजू कुमावत टाकिया (बैतूल), दीपक राजपूत (ललितपुर बॉर्डर क्षेत्र) और प्रकाश बंजारा (रायसेन) शामिल हैं। अब गिरोह के मास्टरमाइंड अशोक सिंह की गिरफ्तारी के साथ कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

इन्हें भी पढ़े