दो अलग-अलग कार्रवाई में 230 लीटर महुआ शराब जब्त

पिथौरा और सरायपाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, दो आरोपियों पर आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज
महासमुंद। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पिथौरा और सरायपाली पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए कुल 230 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब जब्त की है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत 48 हजार रुपये बताई गई है।
पिथौरा पुलिस के अनुसार 20 जून को ग्राम सुखीपाली स्थित सागौन प्लांट के आगे खेत में दबिश देकर आरोपी अग्नि कुमार रात्रे के कब्जे से 100 लीटर महुआ शराब से भरा एक प्लास्टिक ड्रम, दो जरीकिन में 40 लीटर तथा एक प्लास्टिक बोरी में 10 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। इसके अलावा शराब बनाने में प्रयुक्त दो जर्मन बर्तन भी जब्त किए गए। इस कार्रवाई में कुल 150 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत लगभग 32 हजार रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की गई।
इसी प्रकार सरायपाली पुलिस ने 22 जून को छिर्रालेवा में शीशम पेड़ के पास कार्रवाई करते हुए आरोपी शिव कुमार चौहान के कब्जे से 80 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब जब्त की। जब्त शराब की कीमत लगभग 16 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।