ट्रक में पीछे से जा घुसी कार, दो महिलाओं की दर्दनाक मौत
संबलपुर से शादी समारोह से लौट रहा था परिवार, बावनकेरा मोड़ पर हादसे में कार के उड़े परखच्चे; तीन गंभीर घायल
महासमुंद। नेशनल हाईवे-53 पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि तेज रफ्तार कार आगे चल रहे 16-चक्का ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी और कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में राजनांदगांव निवासी खदिजा गाजी (23) और तसनिया खान (17) की मौत हो गई। दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया है।
जानकारी के अनुसार, पटेवा थाना क्षेत्र के बावनकेरा मोड़ के पास शुक्रवार सुबह करीब 7.30 बजे यह हादसा हुआ। कार क्रमांक सीजी 08- एस 9786 में राजनांदगांव निवासी खदिजा गाजी, तसनिया खान, तारख खान (25), उज्मा खान (35) और अनिया खान (18) सवार थे। सभी ओडिशा के संबलपुर में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद कार से राजनांदगांव लौट रहे थे।
टक्कर इतनी जबर्दस्त कि कार का अगला हिस्सा चकनाचूर
बावनकेरा मोड़ के पास कार आगे चल रहे ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायलों को बाहर निकालने में मदद की।
सूचना मिलते ही पटेवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद खदिजा गाजी और तसनिया खान को मृत घोषित कर दिया। वहीं तारख खान, उजमा खान और अनिया खान गंभीर रूप से घायल बताए गए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया।
शादी की खुशियां मातम में बदलीं
संबलपुर में शादी समारोह में शामिल होकर घर लौट रहा परिवार हादसे का शिकार हो गया। जिस सफर में शादी की खुशियों की यादें थीं, वही सफर दो परिवारों के लिए हमेशा के लिए दर्दनाक याद बन गया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में मातम पसर गया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और ट्रक को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया। मामले में हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
