जुआ फड़ पर पुलिस की दबिश, 6 जुआरी गिरफ्तार

23,990 रुपये नकद, 6 मोबाइल, 3 बाइक और जुआ सामग्री जब्त
महासमुंद। बसना पुलिस ने जुआ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम तरेकेला-बाघामुड़ा मार्ग स्थित एक जुआ फड़ पर दबिश देकर छह जुआरियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से नकदी, मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल तथा जुआ खेलने में प्रयुक्त सामग्री जब्त की गई है। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध जुआ एक्ट की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि तरेकेला-बाघामुड़ा मार्ग में कुछ लोग झंडी-मुंडी का जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जुआ खेल रहे छह लोगों को रंगे हाथों पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में पड़कीपाली थाना सिंघोड़ा निवासी वृन्दावन पटेल (44 वर्ष), तरेकेला निवासी पुरुषोत्तम पटेल (35 वर्ष), दुरुगपाली निवासी कृपादास वैष्णव (41 वर्ष), विद्यासागर प्रधान (32 वर्ष), पदमलोचन प्रधान (40 वर्ष) तथा प्रदीप डड़सेना (45 वर्ष) शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 23 हजार 990 रुपये नकद, 6 मोबाइल फोन, 3 मोटरसाइकिल, झंडी-मुंडी पट्टी तथा झंडी-मुंडी गोटियां बरामद कर जब्त की हैं। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।