गांव के कबड्डी मैदान में दिखा जोश, खिलाड़ियों ने बिखेरा खेल कौशल
जय साहडा देव कबड्डी दल के आयोजन में विधायक द्वारिकाधीश यादव हुए शामिल, ग्रामीणों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
बागबाहरा। ग्राम आमगांव में जय साहडा देव कबड्डी दल की ओर से प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली कबड्डी प्रतियोगिता इस वर्ष भी उत्साह और खेल भावना के साथ संपन्न हुई। प्रतियोगिता में खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मैदान में खिलाड़ियों ने दमखम दिखाते हुए शानदार प्रदर्शन किया, वहीं बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों और कबड्डी प्रेमियों ने तालियों के साथ खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक द्वारिकाधीश यादव ने कहा कि कबड्डी हमारी पारंपरिक खेल संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे आयोजनों से युवाओं में अनुशासन, साहस, आत्मविश्वास, टीम भावना और आपसी तालमेल विकसित होता है। ग्रामीण क्षेत्रों में होने वाली खेल प्रतियोगिताएं स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के साथ आगे बढ़ने का अवसर देती हैं।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचलों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित मंच, प्रोत्साहन और अवसर देने की है। इस तरह के आयोजन युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने के साथ गांवों में आपसी भाईचारे, एकता और सामाजिक सहभागिता को भी मजबूत करते हैं। विधायक ने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ मुकाबलों में भाग लिया। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर दर्शकों ने तालियों से उनका उत्साह बढ़ाया। आयोजन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र में पारंपरिक खेलों के संरक्षण और युवाओं को खेलों से जोड़ने का संदेश भी दिया गया।
इस अवसर पर दानवीर शर्मा, गणेश शर्मा, गिरीश पटेल, मयंक शर्मा, पुनीत नेताम, वीरेंद्र दुबे, भानु पटेल, पालेश साहू, दिनेश पटेल, श्यामलाल निषाद, राकेश साहू, ओमप्रकाश साहू, गोपाल चौधरी, श्रीमती नालंदा साहू एवं श्रीमती रामप्यारी साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन आशीष दीवान ने किया।
