बाड़ी से 25 लीटर महुआ शराब ज़ब्त

महासमुंद। सांकरा पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम चेरीडीपा सावित्रीपुर में एक व्यक्ति के घर से महुआ शराब बरामद की है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गांव में अवैध रूप से शराब रखी गई है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मनोज लहरे (32) के घर की बाड़ी में दबिश दी। तलाशी के दौरान करीब 25 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग पांच हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।