राष्ट्रीय बास्केटबॉल चैंपियनशिप में चमकी महासमुंद की दिव्या रंगारी
सेमीफाइनल में 27 अंक बनाकर छत्तीसगढ़ टीम को फाइनल में पहुंचाया
महासमुंद। पांडिचेरी में आयोजित 76वीं जूनियर नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ बालिका टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में प्रवेश कर लिया है। टीम की इस सफलता में महासमुंद जिले की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी दिव्या रंगारी ने अहम भूमिका निभाई है।
22 मई से 29 मई 2026 तक राजीव गांधी इंडोर स्टेडियम पांडिचेरी में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ टीम ने क्वार्टर फाइनल में महाराष्ट्र को 56-44 अंकों से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। इसके बाद सेमीफाइनल मुकाबले में छत्तीसगढ़ ने कर्नाटक को 67-62 अंकों से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया।
सेमीफाइनल मुकाबले में महासमुंद की दिव्या रंगारी ने शानदार खेल दिखाते हुए सर्वाधिक 27 अंक बनाए और टीम की जीत में निर्णायक योगदान दिया। हॉफ टाइम तक छत्तीसगढ़ की टीम 31-24 अंकों से आगे रही। तीसरे क्वार्टर में भी टीम ने 48-43 की बढ़त बनाए रखी और अंतिम क्वार्टर में जीत दर्ज कर पदक पक्का कर लिया।
प्रतियोगिता में रूमी कोनवर, अदिति कोडापे, अंजली कोडापे, अंजनी, सोफी सिका, दिव्या रंगारी और नंदनी माधो प्रधान ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। दिव्या हाल ही में बास्केटबॉल इंडिया कैंप का भी हिस्सा रही हैं।
छत्तीसगढ़ बालिका टीम में अंजली कोडापे (कप्तान), अदिति कोडापे, अंजनी, रूमी कोनवर, सोफी सिका, नंदनी माधो प्रधान, नताशा प्रजापति, दिव्या रंगारी, पारूल वर्मा, नित्या पांडे, कलश झा और सारा सिंह शामिल हैं। टीम के कोच कालवा राजेश्वर राव, सहायक कोच लुमेन्द्र साहू तथा मैनेजर अनिता तिर्की हैं।
छत्तीसगढ़ टीम और महासमुंद की दिव्या रंगारी के शानदार प्रदर्शन पर महासमुंद कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, जिला बास्केटबॉल संघ महासमुंद के पदाधिकारियों, खेल अधिकारियों तथा जिले के खेल प्रेमियों ने बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
