ऑपरेशन निश्चय में पुलिस का बड़ा वार: 129 किलो गांजा जब्त, 6 तस्कर गिरफ्तार

ओडिशा से मध्यप्रदेश-महाराष्ट्र तक गांजा पहुंचाने की थी तैयारी, सांकरा और बसना में अलग-अलग कार्रवाई; बलेनो व थार समेत 86.05 लाख की संपत्ति जब्त
महासमुंद। जिले में अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स ने लगातार दो कार्रवाइयों को अंजाम देते हुए 129.100 किलो गांजा जब्त किया है। दोनों मामलों में पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। कार्रवाई में गांजा, तस्करी में इस्तेमाल बलेनो और थार वाहन तथा पांच मोबाइल फोन समेत कुल 86 लाख 5 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की गई है।
सांकरा में बलेनो से 83 किलो गांजा बरामद
पहली कार्रवाई में 20 सितंबर को थाना सांकरा पुलिस और एएनटीएफ को मुखबिर से सूचना मिली कि सफेद रंग की बलेनो कार से गांजा उड़ीसा से बसना होते हुए रायपुर की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम बिजेपुर मोड़, एनएच-53 के पास घेराबंदी कर संदिग्ध बलेनो को रोका।
तलाशी के दौरान कार से 83.100 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 41.55 लाख रुपए आंकी गई। इसके अलावा गांजा परिवहन में प्रयुक्त बलेनो कार करीब 6 लाख रुपए और तीन मोबाइल फोन करीब 30 हजार रुपए के जब्त किए गए। इस कार्रवाई में कुल 47.85 लाख रुपए की संपत्ति जब्त हुई। मामले में पुलिस ने लोचन महारा (28), राजेश उरमलिया (40), सत्येंद्र कुमार चंद्रवंशी (19) और तुलाराम चंद्रवंशी (39) को गिरफ्तार किया। सभी आरोपी अनूपपुर जिले के निवासी बताए गए हैं।
बसना में थार की तलाशी, 46 किलो गांजा मिला
दूसरी कार्रवाई में बसना पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर पलसापाली के पास नाकाबंदी की। इस दौरान ओडिशा की ओर से आ रही थार वाहन क्रमांक एम एच 31 जीए 9533 को रोककर तलाशी ली गई। वाहन से 46 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 23 लाख रुपए बताई गई।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि गांजा उड़ीसा के बलांगीर से नागपुर (महाराष्ट्र) ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मौके से रुषभ सुरेशराव चौधरी (28) और अशफाक रफीक शेख (30) को गिरफ्तार किया। दोनों नागपुर, महाराष्ट्र के निवासी हैं। इस मामले में पुलिस ने 46 किलो गांजा, 15 लाख रुपए कीमत का थार वाहन और दो मोबाइल फोन जब्त किए। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 38.20 लाख रुपए है।
दो कार्रवाइयों में 129 किलो गांजा, छह तस्कर गिरफ्त में
ऑपरेशन निश्चय के तहत हुई इन दोनों कार्रवाइयों में पुलिस ने कुल 129.100 किलो गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 64.55 लाख रुपए है। इसके अलावा दो वाहनों और पांच मोबाइल फोन समेत 21.50 लाख रुपए की अन्य संपत्ति जब्त की गई है। इस तरह कुल जब्ती 86.05 लाख रुपए की है।