ट्रेलर की टक्कर से नेहरू चौक का ट्रैफिक सिग्नल क्षतिग्रस्त
नगर पालिका अध्यक्ष ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश, नुकसान का आकलन कर वाहन स्वामी से क्षतिपूर्ति की होगी कार्रवाई
महासमुंद। शहर के नेहरू चौक में मंगलवार सुबह एक अनियंत्रित ट्रेलर की टक्कर से नगर पालिका द्वारा स्थापित ट्यूबलर पोल एवं ट्रैफिक सिग्नल क्षतिग्रस्त हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
अध्यक्ष ने सीएमओ को निर्देशित किया कि घटना के संबंध में थाना प्रभारी को तत्काल पत्र भेजकर आवश्यक पुलिस कार्रवाई कराई जाए। साथ ही नगर पालिका की क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों का मौके पर निरीक्षण कर उनसे हुई आर्थिक क्षति का विस्तृत आकलन कराया जाए।
नुकसान की भरपाई के निर्देश
निखिलकांत साहू ने कहा कि सार्वजनिक संपत्तियां नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा के लिए स्थापित की जाती हैं। वाहन की लापरवाही अथवा दुर्घटना के कारण इन परिसंपत्तियों को नुकसान पहुंचने से नगर पालिका पर अनावश्यक आर्थिक भार पड़ता है। इसलिए क्षति का आकलन कर नियमानुसार संबंधित वाहन स्वामी अथवा उत्तरदायी व्यक्ति से क्षतिपूर्ति की कार्रवाई की जाए।
ट्रैफिक सिग्नल जल्द दुरुस्त करने के निर्देश
अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को क्षतिग्रस्त ट्रैफिक सिग्नल एवं प्रकाश व्यवस्था को प्राथमिकता से शीघ्र दुरुस्त कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि नेहरू चौक शहर का प्रमुख यातायात केंद्र है, इसलिए व्यवस्था जल्द बहाल किया जाना जरूरी है, ताकि वाहन चालकों और नागरिकों को परेशानी न हो तथा यातायात सुचारु बना रहे।
