गणेश विसर्जन की तैयारियों को लेकर नपा ने कसी कमर

महामाया तालाब और तुमाडबरी बांध में बड़ी प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए रहेगी क्रेन की व्यवस्था, सफाई-प्रकाश व सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के निर्देश
महासमुंद। आगामी गणेश विसर्जन पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए नगर पालिका परिषद ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने वाहन विभाग, सफाई विभाग एवं मिशन क्लीन सिटी के प्रभारियों की संयुक्त बैठक लेकर विसर्जन स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को समय रहते सभी इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रभारी अधिकारी विक्की मोहंती, नवसाद बख्श, सुरेश तिवारी एवं दिलीप चंद्राकर उपस्थित रहे। अध्यक्ष साहू ने महामाया तालाब एवं तुमाडबरी बांध सहित प्रमुख विसर्जन स्थलों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
बड़ी प्रतिमाओं के लिए क्रेन की व्यवस्था
नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने बताया कि नगर में स्थापित बड़ी गणेश प्रतिमाओं के सुरक्षित एवं सुगम विसर्जन के लिए इस वर्ष नगर पालिका परिषद द्वारा विशेष व्यवस्था की जा रही है। महामाया तालाब और तुमाडबरी बांध में बड़ी प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए बड़ी क्रेन नि: शुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। इससे प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को होने वाली संभावित परेशानी को कम करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि विसर्जन स्थलों पर क्रेन की व्यवस्था के साथ पर्याप्त प्रकाश, साफ-सफाई तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम पहले से सुनिश्चित किए जाएं। साथ ही विसर्जन के दौरान व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।
गंदगी नहीं फैलाने की अपील
नगर पालिका अध्यक्ष ने शहरवासियों और गणेश उत्सव समितियों से अपील की है कि विसर्जन के दौरान तालाब एवं बांध परिसर में अनावश्यक रूप से गंदगी न फैलाएं। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुरक्षित विसर्जन के लिए नगर पालिका द्वारा किए जा रहे प्रयासों में नागरिकों का सहयोग जरूरी है। उन्होंने सभी से मिशन क्लीन सिटी अभियान को सफल बनाने में सहभागी बनने की अपील की।
‘सेवा मेरा योगदान उत्सव’ को लेकर पालिका ने बनाई कार्ययोजना
शासन के निर्देशानुसार नगर पालिका परिषद महासमुन्द द्वारा आयोजित किए जाने वाले ‘सेवा मेरा योगदान उत्सव’ की तैयारियों को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू की अध्यक्षता में विभाग प्रमुखों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उत्सव के दौरान होने वाली विभिन्न गतिविधियों की रूपरेखा, कार्ययोजना और विभागवार जिम्मेदारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने कहा कि ‘सेवा मेरा योगदान उत्सव’ महज एक आयोजन नहीं, बल्कि नागरिकों को सेवा, स्वच्छता और सामाजिक सहभागिता से जोड़ने का अभियान है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि उत्सव में नगर के अधिक से अधिक नागरिकों के साथ जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, युवाओं, महिलाओं एवं विभिन्न वर्गों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
बैठक में तय किया गया कि 23 सितंबर 2026 से 8 अक्टूबर 2026 तक नगर में विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए विभागवार दायित्व तय करने, आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर चर्चा की गई।
अध्यक्ष ने कहा कि उत्सव के दौरान होने वाली प्रत्येक गतिविधि का उद्देश्य नागरिक सहभागिता बढ़ाना और स्वच्छ, सुंदर एवं जागरूक महासमुन्द के निर्माण में जनभागीदारी सुनिश्चित करना होना चाहिए। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया।