16वें वित्त आयोग से बागबाहरा की ग्राम पंचायतों को मिलेगी विकास की नई रफ्तार

विशेष सामान्य सभा में 1.20 करोड़ रुपए की कार्ययोजना तैयार, मूलभूत सुविधाओं और प्राथमिकता वाले विकास कार्यों पर रहेगा जोर
महासमुंद। जनपद पंचायत बागबाहरा के सभा कक्ष में केंद्र सरकार द्वारा संचालित 16वें वित्त आयोग की कार्ययोजना को लेकर विशेष सामान्य सभा की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जनपद पंचायत अध्यक्ष केशव नायकराम चंद्राकर ने की। बैठक में उपाध्यक्ष तरुण व्यव्हार, मुख्य कार्यपालन अधिकारी मनहरण लाल मंडावी सहित जनपद पंचायत के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों को गति देने, ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार तथा स्थानीय जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता देने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्र की आवश्यकताओं और प्राथमिकताओं से संबंधित प्रस्ताव एवं सुझाव रखे।
1.20 करोड़ की कार्ययोजना तैयार
विशेष सामान्य सभा में ग्राम पंचायतों के विकास के लिए कुल 1 करोड़ 20 लाख रुपए की कार्ययोजना तैयार की गई। कार्ययोजना में ग्रामीण क्षेत्रों की प्राथमिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न विकास कार्यों को शामिल करने पर सहमति बनी। इसके माध्यम से पंचायतों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने और जरूरी विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।
गुणवत्ता और पारदर्शिता पर जोर
जनपद पंचायत अध्यक्ष केशव नायकराम चंद्राकर ने कहा कि 16वें वित्त आयोग के तहत उपलब्ध राशि का उपयोग ग्राम पंचायतों की प्राथमिक आवश्यकताओं और जनहित से जुड़े विकास कार्यों में किया जाना है। उन्होंने कहा कि कार्ययोजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के साथ ही निर्माण एवं विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखना जरूरी है।
बैठक के दौरान सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों की आवश्यकताओं को प्रमुखता से सामने रखा। विभिन्न प्रस्तावों और कार्ययोजना से जुड़े बिंदुओं पर विस्तृत विचार-विमर्श के बाद आवश्यक प्रस्तावों पर सहमति बनी। जनपद पंचायत स्तर पर तैयार की गई यह कार्ययोजना ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।