बेमचा में 81.94 लाख की लागत से सड़क-सह-नाली निर्माण का होगा शुभारंभ

मुख्यमंत्री ग्राम गौरव पथ योजना के तहत 850 मीटर सड़क का होगा निर्माण, विधायक करेंगे भूमिपूजन
महासमुंद। महासमुंद विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बेमचा में मुख्यमंत्री ग्राम गौरव पथ योजना के तहत सड़क-सह-नाली निर्माण कार्य का भूमिपूजन बुधवार को होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा होंगे। उनके करकमलों से विकास कार्य का शुभारंभ किया जाएगा।
योजना के तहत ग्राम बेमचा में फोकटपारा चौक से ईश्वर चंद्रवंशी के घर की ओर 850 मीटर लंबी सड़क-सह-नाली का निर्माण किया जाएगा। इस कार्य की लागत करीब 81.94 लाख रुपए है। सड़क निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ ही नाली निर्माण से जल निकासी की समस्या का भी समाधान होगा।
गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता
भूमिपूजन से पहले विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि मुख्यमंत्री ग्राम गौरव पथ योजना ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को नई गति देने वाली महत्वपूर्ण योजना है। इसके माध्यम से गांवों में सड़क, नाली सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इससे ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलने के साथ स्वच्छता और जीवन स्तर में भी सुधार होगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनहित से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है। गांवों में पहुंच मार्गों के साथ आंतरिक सड़कों का निर्माण भी कराया जा रहा है, जिससे बारिश के दौरान आवागमन में होने वाली परेशानियों से ग्रामीणों को राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि सुशासन की सरकार में गांव से लेकर शहर तक विकास कार्य लगातार आगे बढ़ रहे हैं और प्रत्येक गांव को बेहतर बुनियादी सुविधाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।