अवैध खनिज परिवहन पर कार्रवाई, 3 हाईवा जब्त

चूना पत्थर और गिट्टी का बिना वैध अभिवहन पास परिवहन करते पकड़े गए वाहन, सरायपाली थाना में रखे गए सुरक्षित
महासमुंद। जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती तेज कर दी है। कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देश पर खनिज विभाग द्वारा लगातार विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में बुधवार को सरायपाली क्षेत्र में खनिज जांच दल ने कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से खनिज परिवहन कर रहे तीन हाईवा वाहनों को जब्त किया।
जानकारी के अनुसार ग्राम सरायपाली में खनिज विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण के दौरान खनिज चूना पत्थर एवं गिट्टी का परिवहन कर रहे 03 हाईवा वाहनों की जांच की। जांच में संबंधित वाहनों के पास वैध अभिवहन पास नहीं पाए जाने पर कार्रवाई करते हुए वाहनों को जब्त कर लिया गया।
जब्त किए गए वाहनों में हाईवा क्रमांक सीजी 13 जेड 2637, ओडी 17 एई 8637 एवं सीजी 06 एचजी 0378 शामिल हैं। इन वाहनों के चालक संजीत कुमार निवासी जैतपुर तहसील बरमा जिला औरंगाबाद, दीपक सेन निवासी बागटुअरी तहसील सरायपाली जिला महासमुंद तथा एक अज्ञात चालक बताए गए हैं।
खनिज विभाग ने तीनों वाहनों को जब्त कर सरायपाली थाना की अभिरक्षा में सुरक्षित रखा है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि जब्त वाहनों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में सभी प्रकार के खनिजों का परिवहन केवल वैध अभिवहन पास के माध्यम से ही किया जाना अनिवार्य है। अवैध उत्खनन, परिवहन अथवा भंडारण करते पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनिज गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए खनिज अमला द्वारा लगातार विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है, ताकि खनिज संपदा के अवैध दोहन पर रोक लगाई जा सके।

इन्हें भी पढ़े