नेशनल हाईवे-53 पर यात्री बसों की सघन जांच
परमिट शर्तों के उल्लंघन और बिना वर्दी संचालन पर 6 बसों पर कार्रवाई, वसूला गया शमन शुल्क
महासमुंद। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार जिले में सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए परिवहन विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने बुधवार को नेशनल हाईवे-53 पर यात्री बसों की सघन जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान बसों के परमिट, फिटनेस, बीमा, चालक-परिचालक की वर्दी तथा बसों में चस्पा किराया सूची सहित विभिन्न दस्तावेजों का निरीक्षण किया गया। संयुक्त टीम ने नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर कुल 6 यात्री बसों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शमन शुल्क वसूल किया।
कार्रवाई मुख्य रूप से परमिट शर्तों के उल्लंघन तथा बिना चालक-परिचालक वर्दी के बस संचालन को लेकर की गई। इस दौरान अधिकारियों ने वाहन चालकों एवं परिचालकों को यातायात नियमों का पालन करने, यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखने की समझाइश भी दी।
जांच अभियान के दौरान जिला परिवहन अधिकारी प्रतीक शुक्ला, परिवहन विभाग से अमित पाटिल, हेमचंद कंवर, लखन पटेल एवं मेघू महोबिया उपस्थित रहे। वहीं पुलिस यातायात विभाग महासमुंद से यातायात प्रभारी रामभजन सिन्हा सहित टीम के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
