नेहरू जी आधुनिक भारत के शिल्पकार थे : द्वारकाधीश यादव
कांग्रेस भवन में पं. जवाहरलाल नेहरू की 62वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित
महासमुंद। जिला कांग्रेस कमेटी महासमुंद के तत्वावधान में गुरुवार को स्थानीय कांग्रेस भवन में देश के प्रथम प्रधानमंत्री, स्वतंत्रता सेनानी एवं आधुनिक भारत के निर्माता पंडित जवाहरलाल नेहरू की 62वीं पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने नेहरू जी के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एवं खल्लारी विधायक द्वारकाधीश यादव ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू केवल राजनेता ही नहीं, बल्कि आधुनिक भारत के शिल्पकार थे। उन्होंने आजादी के बाद सीमित संसाधनों के बावजूद देश में मजबूत औद्योगिक ढांचे की नींव रखी। आईआईटी, एम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों तथा भाखड़ा नांगल बांध जैसी परियोजनाओं के माध्यम से भारत को आत्मनिर्भर बनाने का कार्य किया। उनके लोकतांत्रिक विचार और मूल्य आज भी देश का मार्गदर्शन कर रहे हैं।
पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर ने कहा कि नेहरू जी ने विश्व पटल पर भारत को नई पहचान दिलाई। उनकी गुटनिरपेक्ष नीति ने भारत को वैश्विक महाशक्तियों के बीच स्वतंत्र और मजबूत आवाज के रूप में स्थापित किया। उन्होंने कहा कि देश के विकास में नेहरू जी के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. रश्मि चंद्राकर ने नेहरू जी के वैज्ञानिक दृष्टिकोण पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने देश में वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा दिया। इसरो और परमाणु ऊर्जा आयोग जैसी संस्थाओं की स्थापना उनकी दूरदर्शी सोच का परिणाम है, जिसकी बदौलत आज भारत विज्ञान और अंतरिक्ष के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष गुरमीत चावला ने कहा कि नेहरू जी को बच्चों से विशेष स्नेह था और वे देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए सदैव चिंतित रहते थे। उन्होंने कहा कि आज जरूरत है कि हम उनके बताए मार्ग पर चलकर देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लें।
कार्यक्रम का संचालन गणेश शर्मा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन शहर कांग्रेस अध्यक्ष गुरमीत चावला ने किया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर, डॉ. रश्मि चंद्राकर, निर्मल जैन, संजय शर्मा, भरत ठाकुर, सोमेश दवे, गणेश शर्मा, लक्ष्मी देवांगन, समीम खान, विजय बंजारे, नितेंद्र बैनर्जी, मुस्ताक खान विक्की, ममता चंद्राकर, राशी महिलांग, तुलसी साहू, गोपी तारक, डॉ. एजाज नकवी, सोनम बंसोड, हर्षित चंद्राकर, तबरेज खान, अनीश राजवानी, बसंत चंद्राकर, राजू साहू, भोलेनाथ गंधर्व, कपिल साहू, लहरी ठाकुर, अनुराग चंद्राकर, सुरेंद्र ठाकुर, सन्नी महानंद, प्रसून चंद्राकर, आशीष साहू, प्रकाश साहू, परखीत हरपाल, भानू सोनी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
