नालियों में गंदगी देख भड़के सीएमओ मनोज खांडे
औचक निरीक्षण में सफाई व्यवस्था की खुली पोल, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश
महासमुंद। नगर पालिका परिषद के डिप्टी कलेक्टर सह मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) मनोज कुमार खांडे ने बुधवार को नगर क्षेत्र की साफ-सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों में नालियों, सार्वजनिक स्थलों एवं सड़क किनारे स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया। कई स्थानों पर नालियों में कचरा एवं गंदगी पाए जाने पर उन्होंने संबंधित कर्मचारियों एवं सफाई व्यवस्था से जुड़े जिम्मेदारों पर नाराजगी व्यक्त की।
निरीक्षण के दौरान श्री खांडे ने अधिकारियों एवं सफाई कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए तथा सड़क एवं नालियों में कचरा फेंकने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नगर की स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सीएमओ ने सफाई मित्रों एवं स्वच्छता दिदियों को निर्धारित समयानुसार जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि घरों एवं दुकानों का कचरा नालियों में न डालें तथा स्वच्छता अभियान में नगर पालिका का सहयोग करें।
औचक निरीक्षण के दौरान स्वच्छता प्रभारी दिलीप चन्द्राकर, स्थापना प्रभारी करण कुमार यादव, स्वच्छ भारत मिशन प्रभारी नौशाद बक्श, सफाई विभाग के सुपरवाइजर जीतू सोनी, गोपाल सोना, स्वच्छता कमांडो किशोर सोनी सहित नगर पालिका के कर्मचारी उपस्थित रहे।
