स्वच्छता दीदियों ने रखीं समस्याएं, नगर पालिका अध्यक्ष ने दिया शीघ्र समाधान का आश्वासन

एसएलआरएम सेंटर में संसाधनों और सुरक्षा उपकरणों की मांग, कार्यस्थल की सुविधाएं बढ़ाने पर जोर
महासमुंद। नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत संचालित एसएलआरएम सेंटर में कार्यरत स्वच्छता दीदियों ने नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू से मुलाकात कर कार्य के दौरान आने वाली विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। इस दौरान स्वच्छता दीदियों ने सेंटर में आवश्यक संसाधनों, सुरक्षा उपकरणों एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की कमी की जानकारी देते हुए शीघ्र व्यवस्था किए जाने की मांग रखी।
स्वच्छता दीदियों ने बताया कि वे प्रतिदिन कचरा पृथक्करण एवं सफाई कार्य करती हैं, जिसके दौरान उन्हें कई प्रकार की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कार्यस्थल पर पर्याप्त सुरक्षा सामग्री उपलब्ध कराने, आवश्यक उपकरणों की व्यवस्था करने तथा कचरा परिवहन में उपयोग होने वाले वाहनों की समय पर मरम्मत कराने की मांग की।
नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने स्वच्छता दीदियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं संबंधित समस्याओं का शीघ्र निराकरण कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता दीदियां नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं और उनके हितों व सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा। इस अवसर पर स्वच्छ भारत मिशन के प्रभारी नौशाद बक्श, सुपरवाइजर टिकेश्वरी मिरी, प्रिया दुबे सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।