रेत घाट में खड़ी मशीनों में आगजनी और तोड़फोड़
टाटा हिताची मशीन जलकर खाक, दूसरी मशीन के शीशे फोड़े; 56 लाख से अधिक का नुकसान
महासमुंद। जिले के लाफिन खुर्द स्थित सूखा नदी रेत घाट में खड़ी भारी मशीनों को अज्ञात बदमाशों ने निशाना बनाते हुए एक चेन माउंटेन मशीन में आग लगा दी, जबकि दूसरी मशीन में जमकर तोड़फोड़ की। घटना में 56 लाख रुपए से अधिक के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 29 आदर्श नगर महासमुंद निवासी कुंदन साव ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि लाफिन खुर्द रेत घाट का टेंडर शालिनी सिंह के नाम से शासन द्वारा आबंटित किया गया है, जिसका संचालन वह कर रहे हैं। 12 मई की शाम करीब 6 बजे सूखा नदी रेत घाट के ऊपर खेत में दो टाटा हिताची चेन माउंटेन मशीनें ब्रेकडाउन होने के कारण खड़ी की गई थीं।
इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने टाटा हिताची चेन माउंटेन मशीन क्रमांक एसपी20-30193 में आग लगा दी, जिससे मशीन पूरी तरह जलकर खाक हो गई। इस घटना में लगभग 55 लाख 50 हजार रुपए का नुकसान बताया गया है। वहीं दूसरी मशीन क्रमांक एसपी20-65029 के केबिन के शीशे तोड़ दिए गए, जिससे करीब 50 हजार रुपए की क्षति हुई है।
घटना की सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 326(एफ) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
