सुशासन तिहार : मुढ़ीपार समाधान शिविर में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़
18 गांवों से पहुंचे लोग, 1600 से अधिक आवेदन प्राप्त; मौके पर कई मामलों का निराकरण
प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल ने अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश
महासमुंद। सुशासन तिहार के अंतर्गत शुक्रवार को पिथौरा विकासखंड की ग्राम पंचायत मुढ़ीपार में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में सांसद रूपकुमारी चौधरी एवं बसना विधायक संपत अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का प्रभारी मंत्री श्री बघेल एवं अतिथियों ने अवलोकन किया। इस दौरान मंत्री श्री बघेल ने विभागवार प्राप्त आवेदनों एवं उनके निराकरण की जानकारी ली तथा अधिकारियों को आम जनता की समस्याओं का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविर में प्राप्त शिकायतों एवं मांगों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए तथा लंबित मामलों का समय-सीमा में समाधान हो।
समाधान शिविर में 18 ग्रामों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। लोगों ने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और विभिन्न विभागों में अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। शिविर में 1600 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया।
किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने के निर्देश
शिविर को संबोधित करते हुए खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल ने कहा कि राज्य सरकार आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है और किसानों को समय पर खाद उठाव करने की सलाह दी गई है। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
आंगनबाड़ी केंद्रों की नियमित निगरानी पर जोर
मंत्री श्री बघेल ने आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को नियमित औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों एवं महिलाओं को मिलने वाले पोषण आहार, स्वास्थ्य सुविधाओं और अन्य सेवाओं की सतत निगरानी आवश्यक है। शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी रूप से पहुंचे, यह सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित कर समस्याओं का त्वरित निराकरण करना है।
गांव, गरीब और किसानों के विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध : सांसद
सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार गांव, गरीब, किसान, महिला और युवाओं के उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से शासन की योजनाओं का लाभ सीधे ग्रामीणों तक पहुंच रहा है।
उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने तथा अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष खुलकर रखने की अपील की। सांसद श्रीमती चौधरी ने कहा कि गांवों में सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने महिलाओं को स्व-सहायता समूहों से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने तथा युवाओं को स्वरोजगार योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
गांव स्तर पर ही हो समस्याओं का समाधान : विधायक
बसना विधायक संपत अग्रवाल ने कहा कि शासन की मंशा है कि लोगों की समस्याओं का समाधान गांव स्तर पर ही हो और आम जनता को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर शासन और जनता के बीच विश्वास का मजबूत माध्यम बन रहा है।
विधायक श्री अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्राप्त आवेदनों और शिकायतों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने किसानों, महिलाओं और जरूरतमंद परिवारों को शासन की योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
हितग्राहियों को वितरित किए गए लाभ
शिविर में राजस्व, कृषि, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, खाद्य, शिक्षा तथा सामाजिक कल्याण विभाग द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई। कई हितग्राहियों को मौके पर प्रमाण पत्र, स्वीकृति पत्र एवं अन्य लाभ वितरित किए गए।
इस अवसर पर सुपोषण किट, अन्नप्राशन, गोद भराई कार्यक्रम आयोजित किए गए। साथ ही 4 दिव्यांग हितग्राहियों को ट्राई सायकल, स्वामित्व पट्टा तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत लाभ प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार, जनपद अध्यक्ष ऊषा धृतलहरे, जिला पंचायत सदस्य रामदुलारी सिन्हा, कंवलजीत सिंह छाबड़ा, जनपद उपाध्यक्ष ब्रम्हानंद पटेल, जनपद सदस्य पुरुषोत्तम धृतलहरे, सीताराम सिन्हा, सरपंच सुमित्रा पटेल, सादर राम पटेल, अजय डड़सेना, अजय अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, किसान, महिलाएं एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
