स्कूलों में चोरी की वारदातें, बोरवेल वायर से लेकर एलईडी टीवी तक ले उड़े चोर

बसना और उमरदा के शासकीय स्कूलों को बनाया निशाना, पुलिस जांच में जुटी
महासमुंद। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरों ने स्कूल परिसरों को निशाना बनाते हुए हजारों रुपए के सामान पर हाथ साफ कर दिया। दोनों मामलों में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बसना थाना क्षेत्र के ग्राम धुमाभांठा स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में स्कूल परिसर में लगे बोरवेल मोटर पंप का लगभग 35 मीटर केबल वायर चोरी कर लिया गया। प्रधानपाठक नीरज कुमार दास ने पुलिस को बताया कि 2 मई की सुबह करीब 9 बजे ग्राम के आदित्य रंजन कानूनगो ने फोन कर सूचना दी कि स्कूल परिसर में लगे मोटर पंप का वायर गायब है। इसके बाद स्कूल पहुंचकर जांच करने पर पता चला कि अज्ञात चोर करीब 3800 रुपए कीमत का केबल वायर निकालकर ले गए हैं। मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
वहीं दूसरा मामला शासकीय हाईस्कूल उमरदा का है। यहां चोरों ने स्कूल का ताला तोड़कर इलेक्ट्रॉनिक सामान पार कर दिया। प्रभारी प्राचार्य पूनम कुमार चंद्राकर ने पुलिस को बताया कि 13 मई की सुबह विद्यार्थियों से स्कूल में चोरी होने की जानकारी मिली। स्कूल पहुंचकर निरीक्षण करने पर पाया गया कि अज्ञात चोरों ने कमरे का ताला तोड़कर 32 इंच एलईडी टीवी, प्रिंटर-फोटोकॉपी मशीन तथा स्पीकर साउंड सिस्टम सहित कुल 30 हजार 500 रुपए के सामान की चोरी कर ली है। मामले में पुलिस ने धारा 305(ई) एवं 331(4) बीएनएस के तहत जुर्म दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सूने मकान से लैपटॉप और इंडक्शन की चोरी
काम पर गए युवक के घर को बनाया निशाना, 51 हजार से अधिक का सामान पार
महासमुंद। शहर के वार्ड क्रमांक 15 स्थित एक सूने मकान में अज्ञात चोर ने घुसकर लैपटॉप और इंडक्शन चूल्हा चोरी कर लिया। मामले की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 15 नीलकंठ चौक दादाबाड़ा निवासी पवन तिवारी पिता जगदीश चंद्र तिवारी 13 मई की सुबह अपने काम के लिए शिवालिक प्लांट मुढ़ेना गए हुए थे। रात करीब 9 बजे जब वे वापस घर पहुंचे तो देखा कि मुख्य दरवाजे में ताला नहीं लगा था। घर के अंदर जांच करने पर उनका लैपटॉप तथा इंडक्शन चूल्हा गायब मिला।
प्रार्थी ने बताया कि चोरी हुए लैपटॉप की कीमत करीब 50 हजार रुपए तथा इंडक्शन की कीमत 1500 रुपए है। कुल 51 हजार 500 रुपए के सामान की चोरी हुई है। मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।