आकाशीय बिजली का कहर, मचान में सो रहे पुत्र की मौत, पिता गंभीर घायल
बाघामुड़ा में मकान जलकर राख, गरज-चमक के बीच दो बड़ी घटनाएं, लाखों का नुकसान
महासमुंद। जिले में लगातार बदल रहे मौसम के बीच आकाशीय बिजली ने दो अलग-अलग क्षेत्रों में भारी तबाही मचाई है। तुमगांव थाना क्षेत्र में खेत की रखवाली कर रहे पिता-पुत्र पर बिजली गिरने से पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं कोमाखान थाना क्षेत्र के ग्राम बाघामुड़ा में आकाशीय बिजली गिरने से एक खपरैल मकान में भीषण आग लग गई, जिसमें लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया।
मचान पर गिरी बिजली, पुत्र की मौत
जानकारी के अनुसार तुमगांव थाना क्षेत्र के ग्राम पिरदा छापाडबरी खार निवासी धर्मसिंह गोंड (40 वर्ष) अपने पिता पुनीत राम गोंड (करीब 70 वर्ष) के साथ मूंगफली खेत की रखवाली करने खेत गए थे। दोनों खेत में स्थित परसा पेड़ पर बने मचान में रात के समय सो रहे थे।
इसी दौरान देर रात अचानक मौसम बिगड़ गया और तेज गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली सीधे मचान पर गिर गई। बिजली गिरने से धर्मसिंह गोंड की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पिता पुनीत राम गोंड गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और घायल बुजुर्ग को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुमगांव पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही तुमगांव पुलिस भी मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
अचानक हुई इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक धर्मसिंह मेहनतकश किसान थे और परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
बाघामुड़ा में बिजली गिरते ही धधका मकान
दूसरी घटना शुक्रवार सुबह कोमाखान थाना क्षेत्र के ग्राम बाघामुड़ा में हुई। यहां प्रज्ञानंद देवांगन के खपरैल मकान पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे देखते ही देखते घर में भीषण आग लग गई।
बताया जा रहा है कि बिजली गिरने के तुरंत बाद आग तेजी से पूरे मकान में फैल गई। आग की चपेट में आने से घर में रखा घरेलू सामान, फर्नीचर, कपड़े, जरूरी दस्तावेज तथा लाखों रुपए मूल्य के वाहन सीट कवर सहित अन्य सामग्री जलकर पूरी तरह राख हो गई।
हालांकि घटना के समय परिवार के सदस्य खपरैल मकान से सटे दूसरे हिस्से में मौजूद थे, जिसके चलते सभी सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे और कोई जनहानि नहीं हुई।
फायर ब्रिगेड ने पाया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलने पर महासमुंद और बागबाहरा से फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने तक घर का अधिकांश सामान जल चुका था।
ग्रामीणों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि परिवार को सामान निकालने तक का मौका नहीं मिल पाया। घटना के बाद पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
मौसम बदलने से बढ़ीं बिजली गिरने की घटनाएं
जिले में पिछले कुछ दिनों से मौसम में लगातार बदलाव देखा जा रहा है। तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं भी बढ़ गई हैं। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, बड़े पेड़ों और ऊंचे स्थानों से दूर रहने की अपील की है।
प्रशासन ने किसानों और ग्रामीणों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह देते हुए कहा है कि गरज-चमक के समय खेतों और खुले स्थानों में रुकने से बचें तथा सुरक्षित स्थानों पर शरण लें।
