उधारी की रकम वसूली के लिए युवक का अपहरण, छह आरोपी गिरफ्तार
सरायपाली पुलिस की त्वरित कार्रवाई, नाकेबंदी कर अपहृत युवक को छुड़ाया
घटना में प्रयुक्त कार जब्त, सभी आरोपी न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजे गए
महासमुंद। जिले की सरायपाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उधारी की रकम वसूली के लिए एक युवक का अपहरण कर उसे ओडिशा ले जा रहे छह आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने अपहृत युवक को आरोपियों के कब्जे से सुरक्षित मुक्त कराते हुए घटना में प्रयुक्त कार भी जब्त कर ली है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 14 मई 2026 को थाना सरायपाली पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि कार क्रमांक ओडी-17 एजी-7735 में कुछ अज्ञात व्यक्ति हुंडई शोरूम के पास से एक युवक का अपहरण कर उसे लेकर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही सरायपाली पुलिस तत्काल सक्रिय हुई और चारों ओर नाकेबंदी कर वाहन की तलाश शुरू कर दी।
मुखबिर के बताए अनुसार संदिग्ध कार दिखाई देने पर पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की। कार में सवार व्यक्तियों ने अपने नाम देबार्चन मलिक, राजेश मलिक, रंजन प्रधान, भागीरथी बेहरा, बंशीधर बंछोर तथा कुनु बाघ बताए। पूछताछ में पता चला कि सभी आरोपी ओडिशा एवं सारंगढ़ क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस ने कार से निरंजन दास (32 वर्ष) निवासी चट्टीगिरोला, थाना सरायपाली को मुक्त कराया। पीड़ित ने बताया कि उसने पूर्व में देबार्चन मलिक से साढ़े तीन लाख रुपए उधार लिए थे, जिसमें से 50 हजार रुपए वापस कर दिए गए थे। शेष रकम की वसूली के लिए आरोपी अपने साथियों के साथ जबरन उसे कार में बैठाकर ओडिशा की ओर ले जा रहे थे।
पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने उसका मोबाइल छीनकर बंद कर दिया था तथा उसे जान से मारने और हत्या कर देने की धमकी भी दी जा रही थी। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ थाना सरायपाली में बीएनएस की धारा 296, 351(2), 140(3) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
