जिला साहू संघ में नई नियुक्तियां
माधव साव बने किसान प्रकोष्ठ के जिला उपाध्यक्ष, नवीन कुमार साव को मिली जिला प्रचार मंत्री की जिम्मेदारी
महासमुंद। जिला साहू संघ के संगठन विस्तार एवं समाजहित में सक्रिय कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपते हुए जिलाध्यक्ष प्रोफेसर ढालूराम साहू ने महत्वपूर्ण नियुक्तियां की हैं। जारी आदेश के अनुसार माधव साव को किसान प्रकोष्ठ का जिला उपाध्यक्ष तथा नवीन कुमार साव को जिला प्रचार मंत्री (जिला मीडिया प्रभारी) नियुक्त किया गया है। नियुक्तियों के बाद साहू समाज एवं क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।
जिलाध्यक्ष प्रोफेसर ढालूराम साहू ने कहा कि समाज के सक्रिय, ऊर्जावान और सेवा भाव रखने वाले कार्यकर्ताओं को संगठन में जिम्मेदारी देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों नवनियुक्त पदाधिकारी अपने अनुभव, सक्रियता और सामाजिक कार्यों के माध्यम से संगठन को नई दिशा देंगे तथा समाज को और अधिक मजबूत बनाएंगे।
किसान नेता के रूप में है माधव साव की पहचान
नवनियुक्त किसान प्रकोष्ठ जिला उपाध्यक्ष माधव साव भाजपा बसना विधानसभा के गढ़फुलझर मंडल के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं। क्षेत्र में उनकी पहचान एक सक्रिय किसान नेता के रूप में है। वे लंबे समय से सामाजिक, धार्मिक एवं जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं।
उन्होंने साहू समाज के विभिन्न कार्यक्रमों, सामाजिक बैठकों और जनजागरूकता अभियानों में लगातार सहभागिता निभाई है। इससे पहले वे तहसील साहू संघ बसना के उपाध्यक्ष एवं युवा प्रकोष्ठ के तहसील संरक्षक का दायित्व भी संभाल चुके हैं। पिछले करीब 15 वर्षों से वे समाजहित एवं संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहकर युवाओं को समाज सेवा से जोड़ने का कार्य कर रहे हैं।
संगठन और मीडिया गतिविधियों में सक्रिय हैं नवीन कुमार साव
नवीन कुमार साव भी लंबे समय से समाज सेवा एवं संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वे पूर्व में बसना तहसील युवा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष, रायपुर संभाग के सचिव तथा राजिम भक्तिन माता मंदिर समिति के संगठन मंत्री सहित कई सामाजिक दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं।
संगठन की गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाने में उनकी विशेष भूमिका रही है। वर्तमान में वे भाजपा जिला महासमुंद के जिला मीडिया प्रभारी के रूप में भी कार्यरत हैं तथा मीडिया एवं सोशल मीडिया के माध्यम से संगठनात्मक गतिविधियों का प्रभावी प्रचार-प्रसार कर रहे हैं।
समाजहित में निष्ठा से कार्य करने का भरोसा
नवनियुक्त पदाधिकारियों माधव साव एवं नवीन कुमार साव ने जिला साहू संघ महासमुंद के जिलाध्यक्ष, वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं समाजजनों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। साथ ही समाज की एकता, संगठन की मजबूती और युवाओं को समाज सेवा से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य करने की बात कही।
इन नियुक्तियों पर समाज के वरिष्ठजनों, पदाधिकारियों, युवा साथियों एवं शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए दोनों नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
