गुप्त चेंबर में छिपाकर ले जाया जा रहा था गांजा, अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

8.100 किलो गांजा, अशोक लीलैंड वाहन और मोबाइल समेत 9.10 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
ओड़िशा से नागपुर ले जाई जा रही थी खेप,
महासमुंद। एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स एवं बसना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 8 किलो 100 ग्राम गांजा, परिवहन में प्रयुक्त अशोक लीलैंड वाहन और मोबाइल फोन समेत कुल 9 लाख 10 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में लगातार वाहनों की सघन जांच की जा रही है। इसी क्रम में बुधवार 13 मई को पलसापाली बैरियर पर ओड़िशा की ओर से आ रहे सफेद रंग के अशोक लीलैंड वाहन क्रमांक एम एच 45 एएफ 4521 को रोककर जांच की गई। पूछताछ के दौरान चालक शफीक खान (40) पिता रसीद खान निवासी महारानी लक्ष्मी स्कूल के पास, सुभाष मैदान, अशोक नगर, पारडी, नागपुर (महाराष्ट्र) का व्यवहार संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की। इस दौरान चालक ने वाहन के डाला के नीचे बनाए गए विशेष गुप्त चेंबर में गांजा छिपाकर रखने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो गुप्त चेंबर से खाकी और पीले रंग के टेप से लिपटे कुल आठ पैकेट गांजा बरामद हुए। जब्त गांजा का कुल वजन 8 किलो 100 ग्राम बताया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गांजे की खेप ओड़िशा के बरपाली से लेकर नागपुर, महाराष्ट्र पहुंचाने जा रहा था। पुलिस अब इस मामले में गांजा सप्लाई करने वाले स्रोत और खरीदारों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना बसना में धारा 20(ख)(ii)(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।