14-15 वर्ष की बालिकाओं को निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन
स्वास्थ्य विभाग की अपील-अफवाहों पर न दें ध्यान, सर्वाइकल कैंसर से बचाव का प्रभावी माध्यम
महासमुंद। जिले में बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं मेडिकल कॉलेज में 14 से 15 वर्ष आयु की बालिकाओं को प्रतिदिन निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन लगाई जा रही है। टीकाकरण का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक निर्धारित किया गया है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई. नागेश्वर राव ने बताया कि जिले में एचपीवी टीकाकरण अभियान पहले से संचालित है, लेकिन जागरूकता की कमी और विभिन्न प्रकार की अफवाहों के कारण कई बालिकाएं अब तक टीकाकरण से वंचित हैं। उन्होंने कहा कि ह्यूमन पैपिलोमा वायरस महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण माना जाता है। यह कैंसर गर्भाशय मुख में होता है और समय पर बचाव नहीं होने पर गंभीर रूप ले सकता है।
विशेषज्ञों के अनुसार सही उम्र में एचपीवी वैक्सीन लगवाने से सर्वाइकल कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि यह टीका पूरी तरह सुरक्षित एवं प्रभावी है तथा भविष्य में गंभीर बीमारी से बचाव का महत्वपूर्ण माध्यम है।
सीएमएचओ डॉ. राव ने जिलेवासियों एवं अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि 14 से 15 वर्ष आयु की सभी बालिकाओं को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाकर एचपीवी का निःशुल्क टीका अवश्य लगवाएं। उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और अपनी बेटियों के सुरक्षित एवं स्वस्थ भविष्य के लिए टीकाकरण करवाने की अपील की है।
