इंस्टाग्राम पर निजी तस्वीरें वायरल कर ब्लैकमेल करने वाला आरोपी गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल निवासी युवक ने फर्जी आईडी बनाकर महिला की फोटो-वीडियो किए सार्वजनिक, साइबर जांच से पुलिस ने दबोचा
महासमुंद। जिला पुलिस ने महिलाओं की निजी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर ब्लैकमेल करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी ने पीड़िता का मोबाइल फोन लेकर उसमें मौजूद निजी तस्वीरें और वीडियो अपने मोबाइल में ट्रांसफर कर लिए थे। बाद में उसने इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर उन तस्वीरों को सार्वजनिक कर पीड़िता को मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी रोनोजीत दोलाई के रूप में हुई है। बताया गया कि आरोपी ने विश्वास में लेकर पीड़िता से मोबाइल फोन लिया और उसकी निजी फोटो एवं वीडियो अपने मोबाइल में सेव कर लिए। जब पीड़िता ने इसका विरोध किया, तब आरोपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर फर्जी अकाउंट बनाकर तस्वीरें वायरल कर दीं।
इतना ही नहीं, आरोपी पीड़िता को लगातार ब्लैकमेल भी कर रहा था। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने साइबर तकनीक और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन और सोशल मीडिया गतिविधियों का पता लगाया गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन तथा आपत्तिजनक डिजिटल डेटा भी जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि निजी तस्वीरें एवं व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करें और सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक उपयोग करें।
