24 चोरी की वारदातों का आरोपी शातिर चोर गिरफ्तार
filter: 0; fileterIntensity: 0.0; filterMask: 0; captureOrientation: 0; brp_mask:0; brp_del_th:null; brp_del_sen:null; delta:null; module: photo;hw-remosaic: false;touch: (-1.0, -1.0);sceneMode: 8;cct_value: 0;AI_Scene: (-1, -1);aec_lux: 0.0;aec_lux_index: 0;albedo: ;confidence: ;motionLevel: -1;weatherinfo: null;temperature: 41;
सूने मकानों को बनाता था निशाना, सोने- चांदी के जेवर समेत 32 लाख से अधिक की संपत्ति बरामद
महासमुंद। जिले में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बीच महासमुंद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने सूने मकानों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन सहित कुल 32 लाख 38 हजार 900 रुपये की संपत्ति बरामद की गई है।
पुलिस कप्तान प्रभात कुमार ने खुलासा करते हुए बताया कि, गिरफ्तार आरोपी जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सक्रिय था और बेहद शातिर तरीके से चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। आरोपी पहले मकानों की रेकी करता और फिर मौका पाकर घरों से कीमती जेवरात पार कर देता था।
ऐसे देता था चोरी की वारदात को अंजाम
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी उन मकानों को निशाना बनाता था जहां निर्माण कार्य चल रहा हो, घर के बाहर ईंट, गिट्टी या अन्य निर्माण सामग्री पड़ी हो तथा घर में केवल बच्चे या बुजुर्ग मौजूद हों।
आरोपी खुद को निर्माण सामग्री सप्लायर बताकर कम कीमत में छड़-सीमेंट उपलब्ध कराने का झांसा देता था। बातचीत के बहाने घर में प्रवेश कर मौका मिलते ही सोने-चांदी के जेवर चोरी कर फरार हो जाता था।
पुलिस के अनुसार आरोपी अब तक अन्य और महासमुंद जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 24 घटनाओं में शामिल रहा है। चोर ने इसके पहले दुर्ग जिले के उतई, रंनचिरई, जामगांव, धमतरी के भखारा, अंड़ा, मगरलोड़, जिला जांजगीर-चांपा के थाना नवागढ़, बिर्रा थाना क्षेत्र में चोरी की वारदात को अंजाम दे चुके हैं। चोरी के बाद वह जेवरात को विभिन्न ज्वेलरी दुकानों में बेच देता था। मामले में पुलिस ने पिथौरा के जीएस ज्वैलर्स, भंवरपुर कैलाश ज्वैलर्स से भी चोरी का गहना जब्त किया है। वही सरायपाली के तमन्ना ज्वैलर्स और संतोष ज्वैलर्स से आभूषण रिकवरी करना शेष है।
बगारपाली चोरी मामले से खुला राज
मामले का खुलासा तब हुआ जब बगारपाली निवासी ओमप्रकाश ठाकुर ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 27 अप्रैल 2026 की सुबह उनके घर से करीब 40 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर चोरी हो गए हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और संदिग्धों पर नजर रखी। इसी दौरान वाहन चेकिंग के समय पुलिस को एक संदिग्ध युवक पर शक हुआ। पूछताछ में आरोपी ने पहले पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने चोरी की वारदात कबूल कर ली।
कई जिलों में दर्ज हैं मामले
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पंचराम उर्फ पंचु निषाद (38 वर्ष) निवासी ग्राम चंदली, थाना चंद्रपुर, जिला सक्ती के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी दुर्ग, जांजगीर-चांपा सहित कई जिलों में चोरी के प्रकरण दर्ज हैं। आरोपी आदतन अपराधी बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक वह पूर्व में न्यायिक रिमांड के दौरान इलाज के बहाने पुलिस अभिरक्षा से फरार भी हो चुका है।
पुलिस ने क्या-क्या किया बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे तथा विभिन्न ज्वैलर्स दुकानों से चोरी का सामान जब्त किया है। बरामद सामग्री में शामिल हैं—
विभिन्न प्रकार के सोने के आभूषण – 63.30 ग्राम
कीमत – 25 लाख 52 हजार 200 रुपये
चांदी के आभूषण – 2 किलो 585.94 ग्राम
कीमत – 6 लाख 41 हजार 700 रुपये
मोटरसाइकिल
कीमत – 30 हजार रुपये
मोबाइल फोन
कीमत – 5 हजार रुपये
कुल बरामद संपत्ति
32 लाख 38 हजार 900 रुपये
ज्वेलरी कारोबारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में
पुलिस का कहना है कि चोरी के जेवर खरीदने वाले कुछ ज्वेलरी कारोबारियों की भूमिका भी संदिग्ध नजर आ रही है। मामले में आगे जांच जारी है और आने वाले दिनों में और भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
