सुशासन तिहार 2026: जिले में 41 समाधान शिविर, ग्रामीणों की समस्याओं का होगा त्वरित निराकरण
01 मई से 05 जून तक आयोजन, अलग-अलग विकासखंडों में चरणबद्ध शिविर; प्रशासन ने अधिकाधिक भागीदारी की अपील की
महासमुंद। आमजन को सुगम, पारदर्शी एवं त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत 01 मई से 05 जून 2026 तक कुल 41 समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों की मांग एवं शिकायतों का मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महासमुंद विकासखंड में 10, बागबाहरा में 7, पिथौरा में 9, बसना में 7 तथा सरायपाली में 7 शिविर आयोजित होंगे। इसके अतिरिक्त तुमगांव नगरीय निकाय में एक क्लस्टर शामिल किया गया है।
06 मई को तीन स्थानों पर शिविर
06 मई 2026 को तीन क्लस्टरों में समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे। बागबाहरा विकासखंड के ग्राम पंचायत परसुली स्थित हाई स्कूल में आयोजित शिविर में 19 ग्रामों के ग्रामीण शामिल होंगे। इसी प्रकार पिथौरा विकासखंड के ग्राम पंचायत रेमडा के हाई स्कूल परिसर में 13 ग्रामों के ग्रामीणों की समस्याएं सुनी जाएंगी। सरायपाली विकासखंड के ग्राम पंचायत बानीगिरोला के हायर सेकेंडरी स्कूल में 20 ग्रामों के ग्रामीणों से प्राप्त आवेदनों का निराकरण किया जाएगा।
07 व 08 मई को भी शिविर
07 मई को बसना विकासखंड के ग्राम पंचायत हरदा के प्राथमिक शाला में तथा 08 मई को महासमुंद विकासखंड के ग्राम पंचायत लोहारडीह के मिडिल स्कूल मैदान में समाधान शिविर आयोजित किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने ग्रामीणजनों से अपील की है कि वे इन शिविरों में पहुंचकर शासन की विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपनी समस्याओं का समाधान मौके पर ही कराएं।
