जाति जनगणना में वैज्ञानिक कोडिंग और मानकीकृत सूची की मांग

जिला कांग्रेस ओबीसी विभाग ने राज्यपाल के नाम अपर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, ओबीसी वर्ग की स्पष्ट गणना पर दिया जोर
महासमुंद। जिला कांग्रेस कमेटी पिछड़ा वर्ग विभाग की ओर से जाति जनगणना को वैज्ञानिक, प्रमाणिक, पारदर्शी एवं नीति निर्माण के लिए उपयोगी बनाने की मांग को लेकर राज्यपाल के नाम अपर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में विशेष रूप से ओबीसी वर्ग की स्पष्ट गणना, देशभर में मानकीकृत जाति सूची तैयार करने, प्रत्येक जाति को विशिष्ट वैज्ञानिक कोड देने तथा जातियों के वैज्ञानिक वर्गीकरण की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई।
जिला अध्यक्ष ओबीसी विभाग कुनाल चंद्राकर ने कहा कि भारत की सामाजिक संरचना अत्यंत विविध है। अलग-अलग राज्यों और क्षेत्रों में एक ही जाति या समुदाय के अलग-अलग स्थानीय नाम, उच्चारण और वर्तनी प्रचलित हैं। ऐसे में समान एवं वैज्ञानिक व्यवस्था के अभाव में जातियों के आंकड़ों में दोहराव, भ्रम और विसंगति की संभावना बनी रह सकती है।
एक जाति के अलग-अलग नामों की हो वैज्ञानिक मैपिंग
ज्ञापन में मांग की गई कि जाति जनगणना के लिए देशभर में एक समान, स्पष्ट एवं अद्यतन मानकीकृत जाति सूची तैयार की जाए। प्रत्येक जाति एवं समुदाय को विशिष्ट वैज्ञानिक कोड प्रदान किया जाए, ताकि अलग-अलग नामों से दर्ज होने वाली समान जातियों की पहचान स्पष्ट हो सके और आंकड़ों का वैज्ञानिक विश्लेषण किया जा सके। साथ ही क्षेत्रीय एवं पर्यायवाची नामों की वैज्ञानिक मैपिंग कर एक ही समुदाय की पुनरावृत्ति रोकने की व्यवस्था की जाए।
नीति निर्माण के लिए प्रमाणिक आंकड़ों पर जोर
ओबीसी विभाग ने कहा कि ओबीसी सहित सभी सामाजिक वर्गों की वास्तविक स्थिति के प्रमाणिक आंकड़े उपलब्ध होने पर ही सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक स्थिति का सही आकलन किया जा सकेगा। इन आंकड़ों का उपयोग शिक्षा, रोजगार, सामाजिक एवं आर्थिक विकास, सरकारी योजनाओं और भविष्य की नीतियों के निर्माण में किया जा सकेगा।
ज्ञापन में जातियों के वर्गीकरण के लिए विशेषज्ञों की सलाह लेने तथा आधुनिक तकनीक, स्पष्ट मानकों और पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से आंकड़ों का संकलन करने की मांग की गई। विभाग ने कहा कि जाति जनगणना केवल संख्या गिनने की प्रक्रिया न होकर देश की सामाजिक वास्तविकताओं को समझने का वैज्ञानिक आधार बननी चाहिए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष अमन चंद्राकर, देवेंद्र चंद्राकर, आकाश निषाद, अनुराग चंद्राकर, मोटी विश्वकर्मा, दुर्गेश कन्नौजे और रवि चंद्राकर सहित कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

इन्हें भी पढ़े