जनदर्शन में 65 आवेदनों की सुनवाई, कलेक्टर ने दिए त्वरित निराकरण के निर्देश
राजस्व, पेंशन, पीएम आवास और किसान सम्मान निधि से जुड़े मामलों पर प्राथमिकता से कार्रवाई के निर्देश
महासमुंद। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन में जिले के आम नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही पात्र हितग्राहियों को नियमानुसार शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने पर भी जोर दिया।
जनदर्शन के दौरान कुल 65 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, आवास, कृषि और अन्य विभागों से संबंधित समस्याएं शामिल रहीं। कलेक्टर श्री लंगेह ने सभी आवेदनों का अवलोकन करते हुए संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनदर्शन में ग्राम मुढ़ेना निवासी उमेश कुमार चौहान ने खसरा क्रमांक में त्रुटि सुधार के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। वहीं कमरौद (बागबाहरा) निवासी छबेलाल पटेल ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि दिलाने की मांग की। झलप निवासी बल्दूराम सेन ने दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर योजना के तहत दावा-आपत्ति प्रस्तुत की।
इसी तरह ग्राम ठाकुरदिया (पिथौरा) निवासी दिव्यांग रोहित ने विकलांग पेंशन की मांग की, जबकि बोईरगांव (बागबाहरा) निवासी विनोद कुमार महानंद ने भूमि सीमांकन कराने हेतु आवेदन दिया। सरायपाली के ग्राम तोरेसिंहा निवासी सुरेश साहू ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास स्वीकृति के लिए आवेदन किया। इसके अलावा जनदर्शन में अवैध अतिक्रमण हटाने, लंबित भुगतान कराने तथा अन्य विभिन्न समस्याओं से जुड़े आवेदन भी प्राप्त हुए।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हेमंत नंदनवार, अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा, रवि साहू सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
