स्वयं पोर्टल पर 11वीं-12वीं के लिए 28 ऑनलाइन कोर्स शुरू

16 अप्रैल से 15 सितंबर 2026 तक चलेगा 17वां चक्र, शिक्षा विभाग ने स्कूलों को दिए अधिकाधिक पंजीयन के निर्देश
महासमुंद। जिले में कक्षा 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों को ऑनलाइन शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित स्वयं पोर्टल पर विभिन्न विषयों के ऑनलाइन पाठ्यक्रम प्रारंभ किए गए हैं। राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद ( एनसीईआरटी) द्वारा सत्रहवें चक्र के अंतर्गत 16 अप्रैल से 15 सितंबर 2026 तक 11 विषय क्षेत्रों में कुल 28 पाठ्यक्रम उपलब्ध कराए गए हैं।
इन पाठ्यक्रमों में नामांकन एवं विस्तृत जानकारी के लिए विद्यार्थी और शिक्षक सीआईईटी- एनसीईआरटी की आधिकारिक वेबसाइट https://ciet.ncert.gov.in/initiative/moocs-on-swayam पर जाकर अवलोकन कर सकते हैं।
जिला शिक्षा विभाग ने जिले के सभी विकासखंडों के स्कूलों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि कक्षा 11वीं और 12वीं के अधिक से अधिक विद्यार्थियों का स्वयं पाठ्यक्रमों में नामांकन सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही संबंधित विषयों के शिक्षकों को भी इन पाठ्यक्रमों में सहभागिता के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए हैं।
विभाग ने विद्यालय स्तर पर स्वयं पाठ्यक्रमों के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने के लिए विशेष पहल करने को कहा है। शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों से इस संबंध में आवश्यक कार्यवाही करते हुए अधिकतम पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।