नगर पालिका अध्यक्ष ने सुनीं जन समस्याएं, त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
टुल्लू पंप लगाने वालों पर सख्ती के संकेत, राशन कार्ड से लेकर सड़क-नाली तक पहुंचे आवेदन
महासमुंद। नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने मंगलवार को पालिका कार्यालय में आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने अपनी विभिन्न समस्याएं और मांगों से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए।
अध्यक्ष श्री साहू ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक आवेदन को सूचीबद्ध कर प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगरवासियों की समस्याओं का निराकरण करना नगर पालिका का पहला दायित्व है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक के दौरान नागरिकों ने शिकायत की कि कुछ लोग टुल्लू पंप लगाकर नल से पानी खींच रहे हैं, जिससे अन्य घरों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। इस पर अध्यक्ष ने बताया कि टुल्लू पंप जब्ती की कार्रवाई लगातार जारी है, लेकिन बार-बार अपील के बावजूद लोग नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अब ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा राशन कार्ड, पेंशन, प्रधानमंत्री आवास, पट्टा, सड़क मरम्मत और नाली निर्माण जैसी समस्याओं से जुड़े आवेदन भी बड़ी संख्या में प्राप्त हुए। अध्यक्ष ने संबंधित विभागों को सभी मामलों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर नगर पालिका के विभागीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
