कांग्रेस हार पर जनादेश का अपमान कर रही: रूपकुमारी चौधरी

दीपक बैज के बयान पर भाजपा सांसद का पलटवार
कहा- संवैधानिक संस्थाओं पर ठीकरा फोड़ना कांग्रेस की पुरानी आदत
महासमुंद। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के हालिया बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि असम और पश्चिम बंगाल के चुनाव परिणामों को लेकर की गई टिप्पणी न केवल हास्यास्पद है, बल्कि यह लोकतंत्र में जनता के पवित्र जनादेश का खुला अपमान है।
श्रीमती चौधरी ने कहा कि जब-जब कांग्रेस चुनाव हारती है, तब वह आत्ममंथन करने के बजाय अपनी विफलताओं का ठीकरा संवैधानिक संस्थाओं पर फोड़ने लगती है। उन्होंने आरोप लगाया कि ईवीएम, चुनाव आयोग और केंद्रीय सुरक्षा बलों पर सवाल उठाना कांग्रेस की पुरानी प्रवृत्ति रही है।
उन्होंने दीपक बैज के उस बयान पर भी कड़ी आपत्ति जताई, जिसमें चुनाव को भाजपा के बजाय केंद्रीय एजेंसियों द्वारा लड़ने की बात कही गई थी। चौधरी ने कहा कि यह बयान देश के लोकतंत्र और चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सीधा हमला है।
भाजपा सांसद ने कहा कि चुनाव बंदूक की नोक पर नहीं, बल्कि जनता के विश्वास से जीते जाते हैं। पश्चिम बंगाल और असम की जनता ने विकास और सुशासन की राजनीति को चुना है, जबकि कांग्रेस और उसके सहयोगियों की तुष्टीकरण की राजनीति को सिरे से नकार दिया है।
उन्होंने कहा कि “सत्ता चुराने” जैसे शब्दों का प्रयोग बैज की राजनीतिक अपरिपक्वता को दर्शाता है। भाजपा हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करती आई है, जबकि कांग्रेस हार के बाद अनर्गल बयानबाजी कर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।
श्रीमती चौधरी ने सुरक्षा बलों पर उठाए गए सवालों को भी दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि ढाई लाख पुलिसकर्मियों और केंद्रीय बलों की तैनाती पर सवाल उठाना उनके मनोबल को गिराने जैसा है, जो निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
अंत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस को दूसरों पर दोषारोपण करने के बजाय अपनी गिरती राजनीतिक स्थिति पर आत्मचिंतन करना चाहिए। जनता सब जानती है और समय-समय पर ऐसे भ्रामक दावों का जवाब देती रही है।