तेंदूपत्ता संग्रहण शुरू, 91,300 मानक बोरा का लक्ष्य निर्धारित

75 समितियों के 69 लॉट में क्रेता नियुक्त, 1.18 लाख संग्रहक परिवारों का पंजीयन
4 मई तक 13,814 मानक बोरा संग्रहित
महासमुंद। जिला लघु वनोपज सहकारी संघ मर्यादित महासमुंद द्वारा तेंदूपत्ता संग्रहण वर्ष 2026 के लिए 91,300 मानक बोरा का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिले में संचालित 75 प्राथमिक लघु वनोपज सहकारी समितियों के कुल 69 लॉट हेतु अग्रिम रूप से क्रेताओं की नियुक्ति कर दी गई है, जिससे संग्रहण कार्य को व्यवस्थित रूप से संचालित किया जा सके।
संग्रहण कार्य प्रारंभ होने से पूर्व श्रमिकों को प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से 23 फरवरी से 27 फरवरी 2026 तक वन परिक्षेत्रों एवं जिला यूनियन स्तर पर शाखा कर्तन प्रशिक्षण एवं कार्यशालाओं का आयोजन किया गया। इसके बाद 5 मार्च से 15 मार्च 2026 तक प्राथमिक समितियों के अंतर्गत कुल 786 फड़ों में शाखा कर्तन कार्य पूर्ण कराया गया।
पिछले पांच वर्षों के औसत संग्रहण के आधार पर 77,341.527 मानक बोरा के संग्रहण पर प्रति मानक बोरा 70 रुपये की दर से कुल 54,13,907 रुपये की राशि प्राप्त हुई थी, जिसे प्राथमिक लघु वनोपज सहकारी समितियों के चालू खातों में स्थानांतरित कर दिया गया है।
तेंदूपत्ता सीजन 2026 के लिए जिले के 1,18,646 संग्रहक परिवारों का ऑनलाइन पंजीयन पेमेंट सॉफ्टवेयर में किया गया है। संग्रहण कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने हेतु विभागीय मैदानी अमला, जोनल अधिकारी, पोषक अधिकारी, फड़ अभिरक्षक एवं फड़ मुंशी की नियुक्ति भी की जा चुकी है।
30 अप्रैल 2026 को जिला लघु वनोपज सहकारी संघ महासमुंद में आयोजित कार्यशाला में लिए गए निर्णय के अनुसार 3 मई 2026 से तेंदूपत्ता संग्रहण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। 4 मई 2026 की स्थिति में वन परिक्षेत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार 13,814.570 मानक बोरा तेंदूपत्ता का संग्रहण हो चुका है, जिसकी कुल राशि 7,59,80,135 रुपये आंकी गई है।
इस संग्रहण कार्य के तहत लगभग 44,900 संग्रहक परिवारों को पारिश्रमिक भुगतान किया जाना है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक सशक्तिकरण को बल मिलेगा। प्रशासन द्वारा संग्रहण कार्य को पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के लिए सतत निगरानी की जा रही है।