ग्राम बरोली में तीन दिवसीय रामायण कथा ने बांधा भक्ति का समां

मानस गायन की मधुर प्रस्तुतियों से गूंजा गांव, श्रद्धालुओं ने की सुख-समृद्धि की कामना
महासमुंद। जनपद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरोली में 30 अप्रैल से 03 मई तक आयोजित तीन दिवसीय श्री रामायण कथा एवं मानस गायन कार्यक्रम ने पूरे क्षेत्र को भक्ति और आस्था के रंग में सराबोर कर दिया। इस पावन आयोजन में विभिन्न मानस मंडलियों ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और भगवान श्रीराम तथा संकट मोचन हनुमान जी की विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर जनपद पंचायत बसना के सभापति एवं अंकोरी क्षेत्र के जनपद सदस्य प्रकाश सिन्हा विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने ग्रामवासियों से आत्मीय संवाद कर उनका कुशलक्षेम जाना और इस भव्य आयोजन के लिए आयोजकों एवं ग्रामीणों की सराहना की।
श्री सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्श हमें सत्य, मर्यादा, त्याग और कर्तव्य पालन की प्रेरणा देते हैं। उनके जीवन से समाज में सद्भाव, सेवा और नैतिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ने की सीख मिलती है।
तीन दिवसीय इस धार्मिक आयोजन ने न केवल आध्यात्मिक चेतना को जागृत किया, बल्कि सामाजिक एकता, भाईचारे और संस्कारों को भी सुदृढ़ करने का कार्य किया।
कार्यक्रम में जनपद सदस्य प्रतिनिधि शशिकांत साव, विजय पटेल, सुजीत दास, मुकेश साव, मनोज साव, भूपेश साव, भुवन साव, नरोत्तम साव, देव साव, टंकेश्वर साव, उमेश साव, राजेन्द्र साहू, जीवन साव, अजय साव, विकास साव, जीतू साव, सोनू साव, हीराराम पटेल, विजय साव एवं प्रहलाद साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।