कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में भारी बढ़ोतरी पर कांग्रेस का हल्लाबोल
विधायक द्वारकाधीश यादव के नेतृत्व में सड़कों पर उतरे सैकड़ों कार्यकर्ता
रिक्शे पर सिलेंडर रखकर निकाली विरोध रैली
महासमुंद। कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में एकमुश्त ₹1000 की वृद्धि और लगातार बढ़ती महंगाई के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी महासमुंद ने सोमवार को जोरदार प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं खल्लारी विधायक द्वारकाधीश यादव के नेतृत्व में आयोजित इस आंदोलन में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने अनोखे तरीके से विरोध दर्ज कराते हुए रिक्शे पर खाली गैस सिलेंडर लादकर रैली निकाली और सिलेंडरों को माला पहनाकर महंगाई के खिलाफ प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया। रैली स्थानीय कांग्रेस भवन से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए आम जनता का ध्यान आकर्षित करती रही।
महंगाई ने तोड़ी आम जनता की कमर
इस मौके पर विधायक द्वारकाधीश यादव ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि गैस सिलेंडर की कीमतों में एकमुश्त 1000 की बढ़ोतरी आम जनता के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि इस फैसले से होटल व्यवसायी, छोटे दुकानदार और मध्यम वर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित होंगे, जिससे खाद्य पदार्थों की कीमतों में भी बढ़ोतरी तय है।
उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव समाप्त होते ही केंद्र सरकार ने अपनी वास्तविक मंशा उजागर कर दी है और जनता पर आर्थिक बोझ डाल रही है।
जनता के साथ मिलकर जारी रहेगा आंदोलन
प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार ने मूल्य वृद्धि को वापस नहीं लिया, तो कांग्रेस पार्टी का विरोध प्रदर्शन और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लड़ी जाएगी।
इस दौरान प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अमरजीत चावला, पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. रश्मि चंद्राकर, शहर कांग्रेस अध्यक्ष गुरमीत चावला सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
