प्रयास आवासीय विद्यालय में प्रवेश हेतु प्राक्चयन परीक्षा 10 मई को
9 मई तक डाउनलोड होंगे एडमिट कार्ड, कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए होगी परीक्षा
महासमुंद। प्रदेश के प्रतिभावान विद्यार्थियों को उत्कृष्ट स्कूली शिक्षा के साथ-साथ मेडिकल, इंजीनियरिंग, सीए, सीएस, सीएमए, क्लैट एवं एनडीए जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य शासन द्वारा मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजना अंतर्गत प्रयास आवासीय विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं।
सहायक आयुक्त आदिवासी विकास ने जानकारी देते हुए बताया कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रयास आवासीय विद्यालयों के कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु प्राक्चयन परीक्षा का आयोजन 10 मई 2026 को किया जाएगा।
परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र डाउनलोड करने की प्रक्रिया 9 मई 2026 तक जारी रहेगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा दिवस पर प्रातः 09:30 बजे से 10 बजे तक ओएमआर शीट भरने का समय दिया जाएगा। इसके बाद परीक्षा प्रातः 10 बजे से दोपहर 01 बजे तक आयोजित की जाएगी।
अभ्यर्थी अपना प्रवेश पत्र विभागीय वेबसाइट के माध्यम से डाउनलोड कर सकते हैं। प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी विभागीय वेबसाइट अथवा जिले के सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।
