कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिए 10 जून तक भरें फॉर्म
कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों में सीमित सीटें, 1 मई से आवेदन शुरू
महासमुंद। समग्र शिक्षा अंतर्गत जिले में संचालित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों में सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। प्रवेश फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 10 जून 2026 निर्धारित की गई है।
जिला मिशन समन्वय समग्र शिक्षा श्री रेखराज शर्मा ने बताया कि कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय सुनसुनिया (विकासखंड बागबाहरा) एवं लाखागढ़ (विकासखंड पिथौरा) में कक्षा 6वीं के लिए 32-32 सीटें रिक्त हैं। वहीं कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय बंसुला (विकासखंड बसना) में 30 सीटें उपलब्ध हैं।
उन्होंने बताया कि इन विद्यालयों में प्रवेश फॉर्म का वितरण 1 मई 2026 से संबंधित विद्यालयों में प्रारंभ हो चुका है। इच्छुक छात्राएं निर्धारित तिथि तक आवेदन जमा कर सकती हैं।
प्रवेश प्रक्रिया में शाला त्यागी, अनाथ, एकल पालक, दिव्यांग, अल्पसंख्यक वर्ग, अनुसूचित जाति/जनजाति तथा अन्य पिछड़ा वर्ग के बीपीएल श्रेणी की बालिकाओं को शासन के नियमानुसार प्राथमिकता दी जाएगी। अधिक जानकारी के लिए संबंधित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में कार्यालयीन समय में संपर्क किया जा सकता है।
