भीषण गर्मी में राहत: समाजसेवी मंगल सिंह चावला ने नगर पालिका को भेंट किया वाटर कूलर
35 हजार रुपए के कूलर से आम नागरिकों को मिलेगा ठंडा पेयजल, जनसेवा की सराहनीय पहल
महासमुंद। भीषण गर्मी के बीच नगर पालिका आने-जाने वाले नागरिकों को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से समाजसेवी मंगल सिंह चावला ने एक सराहनीय पहल की है। उन्होंने लगभग 35,000 रुपए की लागत से एक वाटर कूलर नगर पालिका को भेंट किया, जिससे अब यहां आने वाले लोगों को शीतल पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।
गर्मी के इस मौसम में जहां तापमान लगातार बढ़ रहा है, वहीं इस प्रकार की जनहितकारी पहल आमजन के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। नगर पालिका परिसर में लगाए गए इस वाटर कूलर से प्रतिदिन सैकड़ों लोगों को ठंडा पानी मिल सकेगा, जिससे उन्हें गर्मी से राहत मिलेगी।
नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने समाजसेवी मंगल सिंह चावला के इस सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कार्य समाज के अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहल से समाज में सेवा और सहयोग की भावना को बढ़ावा मिलता है।
इस अवसर पर सभापति गुलशन साहू, ज्योति रिंकू चंद्राकर, युवा साथी निशु शर्मा, अरविंद साहू, महेंद्र साहू सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में महत्वपूर्ण कदम बताया।
