नशे में सोए युवक से मोबाइल और सोने की चेन पार

महासमुंद। शहर में चोरी की एक घटना सामने आई है, जहां नशे में सो रहे युवक के पास से मोबाइल, नकदी और सोने की चेन पार कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। वार्ड नंबर 24 कुम्हारपारा निवासी चंद्रप्रकाश चंद्राकर ने पुलिस को बताया कि 30 अप्रैल की सुबह वह घर से निकला था और अपने साथी आशीष के साथ पिटियाझर नई मंडी क्षेत्र में शराब पीने बैठा था। कुछ देर बाद आशीष किसी काम से वहां से चला गया, जबकि वह अकेला ही बैठा रहा। शराब के नशे में वह वहीं सो गया। दोपहर करीब 12 बजे जब उसकी नींद खुली तो उसकी जेब से मोबाइल, 300 रुपए नकद और सोने की चेन गायब थे। आसपास पूछताछ करने पर उसे जानकारी मिली कि सुभाष नगर निवासी गणेश जगत, वीर कुमार और अन्य लोगों ने मिलकर उसके सामान की चोरी की है। मामले की रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।